मुख्यपृष्ठअपराधघूरपुर में फिर खून से सनी सुबह...बालू कारोबारी की सिर कूचकर हत्या

घूरपुर में फिर खून से सनी सुबह…बालू कारोबारी की सिर कूचकर हत्या

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर जोन के घूरपुर थाना क्षेत्र में हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। डेरा चकिया गांव में अधेड़ की निर्मम हत्या के महज कुछ दिन बाद बदमाशों ने भीटा गांव में बालू कारोबारी एवं ट्रक स्वामी 32 वर्षीय राजेश प्रजापति को मौत के घाट उतार दिया। लगातार दूसरी हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि राजेश प्रजापति मंगलवार रात गांव में अपने छप्पर के नीचे सो रहा था। बुधवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने पत्थर से उसका सिर कूचकर निर्मम हत्या कर दी। सुबह जब ग्रामीणों की नजर छप्पर के नीचे पड़े उसके रक्तरंजित शव पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल घूरपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ घूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित पत्थर भी बरामद कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को लेनदेन के विवाद का मामला सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार, राजेश का कुछ लोगों से पैसों के लेनदेन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस वारदात में दो से तीन लोगों की संलिप्तता हो सकती है।घूरपुर पुलिस ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार दो दिनों के भीतर हुई दो हत्याओं ने घूरपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे पर टिकी हैं।

अन्य समाचार