रोहित माहेश्वरी लखनऊ
उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में दो-दो उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही अनुक्रमांक मिलने का मामला केवल तकनीकी गड़बड़ी नहीं, बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। प्रयागराज, आगरा, इटावा, बलिया, मैनपुरी समेत ३२ जिलों में सामने आए इन मामलों ने यह साबित कर दिया है कि लाख दावों के बावजूद नकल और धांधली पर पूरी तरह लगाम नहीं लग सकी है। खबर के अनुसार, कई परीक्षार्थियों की कॉपियों में एक ही अनुक्रमांक दर्ज मिला है, जिसके बाद बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है। यह स्थिति उन लाखों मेहनती छात्रों के साथ अन्याय है, जो ईमानदारी से परीक्षा देते हैं। हर वर्ष सरकार परीक्षा को ‘नकलविहीन’ बताकर अपनी पीठ थपथपाती है, लेकिन बार-बार सामने आने वाले ऐसे मामले प्रशासनिक लापरवाही और शिक्षा माफियाओं की सक्रियता की पोल खोल देते हैं।
डिजिटल क्रांति के नाम पर जनता की जेब पर वार?
उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर योजना को लेकर उठती आवाजें अब सरकार के दावों की पोल खोलने लगी हैं। जिस योजना को भाजपा सरकार ‘डिजिटल क्रांति’ और ‘पारदर्शिता’ का मॉडल बता रही थी, वही आज आम उपभोक्ताओं के लिए डर और आर्थिक बोझ का कारण बन चुकी है। बिजली उपभोक्ता परिषद द्वारा इस योजना को बंद करने की मांग यह साबित करती है कि जनता का भरोसा सरकार की नीतियों से लगातार टूट रहा है। सवाल यह है कि आखिर स्मार्ट मीटर की इतनी जल्दी क्यों थी? प्रदेश में पहले से बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ते घरेलू खर्च से जनता परेशान है। ऊपर से बिजली के बिलों में लगातार बढ़ोतरी ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद हजारों उपभोक्ताओं की शिकायत रही है कि उनका बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़ गया। भाजपा सरकार हर मुद्दे को ‘स्मार्ट’ और ‘डिजिटल’ शब्दों से सजाकर जनता को प्रभावित करना चाहती है।
संविधान पर सियासत और जनता के सवाल
रायबरेली और अमेठी दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाकर एक बार फिर राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि देश में ‘एक व्यक्ति-एक वोट’ की संवैधानिक व्यवस्था पर हमला हो रहा है और मतदाता सूचियों से नाम हटाने जैसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए खतरे का संकेत हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों से आम जनता को प्रभावित कर रही है।
