मुख्यपृष्ठसमाचारबाराबंकी में शातिर ठग की 1.17 करोड़ की संपत्ति कुर्क, पुलिस-प्रशासन की...

बाराबंकी में शातिर ठग की 1.17 करोड़ की संपत्ति कुर्क, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

बाराबंकी। गिरोह बनाकर छल-कपट के जरिए लोगों को ठगने वाले एक शातिर अपराधी की करोड़ों रुपये की संपत्ति प्रशासन ने कुर्क कर दी। रविवार दोपहर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के आदेश पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी और जालसाजी करने वाले गिरोह के सरगना मोहम्मद असलम की करीब 1 करोड़ 17 लाख 30 हजार रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर ली।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी मोहम्मदपुर खाला आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मोहम्मद असलम, पुत्र स्वर्गीय लल्लन हुसैन, निवासी ग्राम सिहाली, थाना फतेहपुर, जनपद बाराबंकी, अपने गिरोह के साथ मिलकर लोगों को धोखा देकर और जालसाजी के माध्यम से संपत्ति हड़पने जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है।

पुलिस जांच के दौरान आरोपी द्वारा अपराध से अर्जित की गई संपत्तियों की पहचान की गई। इसके बाद थाना मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने संबंधित रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को भेजी थी।

जिलाधिकारी बाराबंकी द्वारा संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किए जाने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 17 लाख 30 हजार रुपये की अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

अन्य समाचार