मुख्यपृष्ठअपराधऑटो गैंग का पर्दाफाश... पुलिस ने 4 शातिरों को दबोचा...चोरी के 36 हजार...

ऑटो गैंग का पर्दाफाश… पुलिस ने 4 शातिरों को दबोचा…चोरी के 36 हजार रुपए बरामद

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर की औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देने वाले ऑटो गैंग का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर ठोस सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 36,000 रुपये बरामद किए हैं और मामले में विधिक कार्यवाही आगे बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार थाना औद्योगिक क्षेत्र में दर्ज मुकदमा धारा 305(b)/317(2)/317(4) बीएनएस के तहत यह कार्यवाही की गई। मुखबिर की सूचना पर घूरपुर क्षेत्र से आसिफ सिद्दीकी, सलमान, प्रदीप भारतीय और उमेश कुमार वैश्य को गिरफ्तार किया गया।
वारदात का शातिराना तरीका
जांच में सामने आया कि यह गिरोह ऐसे यात्रियों को निशाना बनाता था, जिनके पास अधिक सामान और बंद बैग होते थे। ऑटो में पहले से सवार होकर ये लोग सफर के दौरान पेन जैसी नुकीली वस्तु से बैग की चेन खोलकर जेवरात पार कर देते थे। वारदात के बाद सुनसान स्थान पर यात्रियों को उतारकर फरार हो जाते थे। 27 फरवरी को नैनी निवासी एक व्यक्ति के साथ इसी तरह की घटना हुई थी, जिसमें बैग से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
चोरी का माल खपाने की कड़ी भी उजागर
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी के जेवरात को जसरा क्षेत्र के एक सुनार को बेच दिया गया था। इस कड़ी में सुनार उमेश कुमार वैश्य की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया। बरामद 36,000 रुपये इसी सौदे से जुड़े बताए जा रहे हैं।
आपराधिक इतिहास गंभीर
मुख्य आरोपी आसिफ सिद्दीकी पर पहले से ही चोरी और गैंगस्टर एक्ट के कई मामले दर्ज हैं, जो उसके पेशेवर अपराधी होने की पुष्टि करते हैं। वहीं उमेश कुमार वैश्य पर भी पूर्व में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।
इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने में उपनिरीक्षक सचिन देव वर्मा, रितेश यादव, योगेश यादव, अफजल सिद्दीकी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

अन्य समाचार