मुख्यपृष्ठसमाचारलखीमपुर खीरी में बाबा साहब की मूर्ति हुई खंडित !..गुस्साई भीड़ ने...

लखीमपुर खीरी में बाबा साहब की मूर्ति हुई खंडित !..गुस्साई भीड़ ने किया गाड़ियों में तोड़-फोड़ व आगजनी

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

लखीमपुर खीरी जिले में आंबेडकर जयंती पर मंगलवार शाम बवाल हो गया। डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति टूटने के बाद लोगों ने रोड जाम कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इससे लोग भड़क उठे। भीड़ ने हंगामा करते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया। सीओ और तहसीलदार की गाड़ियों में तोड़-फोड़ की। उन्हें बीच सड़क पलट दी। एक गाड़ी में आग भी लगा दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अलावा अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची है। हालात को काबू में करने का प्रयास जारी है। मामला गोला गोकर्ण थाना क्षेत्र का है।
गोला गोकर्ण थाना क्षेत्र के बांकेगंज में मोतीपुर गांव है। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती पर मंगलवार को गांव में भंडारा चल रहा था। कई सालों से खाली पड़ी बौद्ध विहार की भूमि पर बाबा साहब की मूर्ति स्थापित की जानी थी। ग्राम प्रधान वीरेंद्र गौतम भी मौजूद थे। दोपहर करीब 12 बजे प्रधान वीरेंद्र गौतम कार्यक्रम से चले गए। उनके जाने के बाद मूर्ति गांव वालों ने स्थापित कर दी। मूर्ति स्थापना के बाद गांव के लोग रैली में चले गए। मौके पर केवल महिलाएं मौजूद थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि शाम 4 बजे बांकेगंज की रहने वाली चंदा देवी पुलिस को लेकर आईं। उन्होंने बिना परमिशन मूर्ति स्थापना का विरोध किया। यह देखकर पहले से मौजूद महिलाएं भी विरोध में आ गईं।
पुलिस ने मूर्ति हटवाना चाहा, इसी बीच छीना-झपटी शुरू हो गई और मूर्ति टूट गई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि मूर्ति को बचाने के प्रयास में पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। आरोप है कि मूर्ति टूटने और लाठीचार्ज की घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने बांकेगंज चौकी इंचार्ज संतोष तिवारी और चंदा देवी के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान ग्रामीणों ने चंदा देवी की पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने घेरा बनाकर चंदा को बड़ी मुश्किल से बचाया। इस दौरान भीड़ ने सीओ गोला रमेश तिवारी, तहसीलदार से लेकर कई सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ की।
पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों के पास मूर्ति स्थापित करने की कोई अनुमति नहीं थी। इसे जबरन विवादित जगह पर रखा गया था। वर्तमान में ग्राम प्रधान, ग्रामीण, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग के बीच बातचीत जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित कुमार राय ने कहा- आज बाकेगंज में अंबेडकर जयंती पर एक कार्यक्रम आयोजित होना था। बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण होना था। इस बीच कुछ लोगों ने मूर्ति स्थापित करने का प्रयास किया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने पुलिस से झड़प कर पत्थरबाजी की। पुलिस ने तुरंत लोगों को समझाया और उपद्रवियों को खदेड़ा गया। मौजूदा समय में मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

अन्य समाचार