सुनील ओसवाल / मुंबई
बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में अब ऐसा खुलासा सामने आया है, जिसने देश की सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। मुंबई क्राइम ब्रांच को शक है कि इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड जीrशान अख्तर फिलहाल नेपाल में छिपा हुआ है। जांच में उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों को जीशान अख्तर का आखिरी लोकेशन नेपाल में मिला है। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच, पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। अब यह मामला सिर्फ गैंगवार तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसके पीछे किसी बड़े अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क और देश विरोधी साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। तफ्तीश में सामने आया है कि जीशान अख्तर का नाम पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी के साथ जुड़ रहा है। पंजाब पुलिस पहले भी दावा कर चुकी है कि शहजाद भट्टी आईएसआई के लिए काम करता है। इसी वजह से सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क को बेहद गंभीरता से खंगाल रही हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि जीशान अख्तर का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है। अब इस पोस्ट के पीछे कौन लोग हैं और इसे किस मकसद से वायरल किया गया, इसकी जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। हालांकि, अब तक पोस्ट का असली स्रोत सामने नहीं आया है।
यूरोप में हो सकता है
सूत्रों की मानें तो पंजाब में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले में जीशान अख्तर का नाम सामने आने के बाद बिश्नोई गैंग ने उससे दूरी बना ली हो सकती है। दिलचस्प बात यह है कि जहां मुंबई क्राइम ब्रांच का दावा है कि जीशान नेपाल में छिपा है, वहीं पंजाब पुलिस का कहना है कि वह अजरबैजान या किसी यूरोपीय देश में भी हो सकता है।
डिजिटल ट्रेल की जांच
एजेंसियां उसके इंटरनेशनल नेटवर्क, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही हैं। फरवरी २०२५ में जीशान अख्तर ने एक अज्ञात लोकेशन से वीडियो जारी कर दावा किया था कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में उसे झूठा फंसाया जा रहा है।
