मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में बरसेंगे बदरा...ठाणे और कोकण में भी हो सकती है बारिश

मुंबई में बरसेंगे बदरा…ठाणे और कोकण में भी हो सकती है बारिश

-तीन दिनों तक बरसात की है संभावना

-मौसम विभाग ने लगाया अनुमान

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में इस समय कहीं तपती धूप तो कहीं बारिश की स्थिति दिखाई दे रही है। इस बीच मौसम विभाग ने मुंबईकरों के लिए खुशखबरी दी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन मुंबई, ठाणे, पालघर और कोकण समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि, इसके साथ ही लू का अलर्ट भी दिया गया है।
भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, ३० मई से १ जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके तहत कोकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा सहित मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगड, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, सातारा, नांदेड़, लातूर, धाराशिव जिलों में बारिश की संभावना है। इसके अलावा धुले, नंदुरबार, जलगांव, नासिक, नगर और पुणे में शुष्क मौसम रहने की संभावना है। इस बीच अकोला में तापमान बढ़ने की आशंका है। आईएमडी ने अकोला के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है। साथ ही चंद्रपुर जिले के लिए भी ३० मई के लिए येलो हीट अलर्ट जारी किया गया है। नागपुर, वर्धा जिलों को लू के लिए येलो अलर्ट दिया गया है।
१० जून तक मानसून देगा दस्तक
सूखे से पूरा महाराष्ट्र परेशान है। भीषण गर्मी से लोगों का शरीर भी झुलस रहा है। ऐसे में अब हर कोई बेसब्री से मानसून का इंतजार कर रहा है। रेमल चक्रवात का मानसून पर असर पड़ने की आशंका थी। हालांकि, चक्रवात का खासा असर नहीं पड़ा, जिस कारण मानसून का सफर तेज हो गया है। ऐसे में खबर है कि जल्द ही मानसून महाराष्ट्र में प्रवेश करेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि १० या ११ जून को मुंबई में बारिश शुरू हो जाएगी, जबकि १५ जून से मानसून महाराष्ट्र में आ जाएगा। इस बीच, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में इस साल औसत से १०६ प्रतिशत अधिक बारिश होने का अनुमान है।

अन्य समाचार