-७३० दिनों तक सफाई के लिए १ करोड़ रुपए के अनुबंध को मंजूरी
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंमबई मनपा की स्थायी समिति ने बांद्रा के चिंबाई बीच के वारिंगपाड़ा क्षेत्र में सफाई अभियान के लिए १ करोड़ रुपये के ठेके को मंजूरी दे दी है। यह ठेका एमटीएस ब्लू रोडलाइन्स को दिया गया है और ७३० दिनों की अवधि के लिए लागू रहेगा। चिंबाई बीच का वारिंगपाड़ा खंड जो लगभग १.५ किलोमीटर लंबा और लगभग २५ मीटर चौड़ा है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस अनुबंध के तहत बीच के रखरखाव पर प्रतिदिन लगभग १३,००० रुपये का खर्च आएगा। मुंबई के सात प्रमुख समुद्र तटों में से एक चिंबाई बीच है। सबसे बड़ी समस्या मानसून के मौसम में उत्पन्न होती है जब समुद्र बड़ी मात्रा में कचरा वापस किनारे पर ले आता है। उस समय समुद्र तट बुरी तरह से गंदा हो जाता है।
नगर निगम के बजट प्रस्ताव में उल्लिखित विवरण के अनुसार, सफाई अभियान में श्रमिकों के साथ-साथ २४० लीटर क्षमता वाले पहिएदार कचरा डिब्बे, खुदाई मशीन और लोडर जैसे उपकरण भी शामिल होंगे। इन संसाधनों का उपयोग समुद्र तट से जमा हुए कचरे, जिसमें गाद, मिट्टी, मलबा और मिश्रित कूड़ा शामिल है, को इकट्ठा करने और उसे निपटान के लिए ले जाने के लिए किया जाएगा।
