– अन्य पर भी जल्द होगी कार्रवाई
सामना संवाददाता / भिवंडी
भिवंडी मनपा में आयुक्त के पद पर आईएएस आयुक्त के पदभार ग्रहण करते ही संरक्षण करने वाले अधिकारी अब अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करने में जुट गए हैं। पिछले दो दिन में शहर के तीन अवैध निर्माणों पर प्रशासन द्वारा एमआरटीपी का केस दर्ज कराया जा चुका है। जबकि अन्य अवैध निर्माणों पर जल्द ही कार्रवाई किए जाने की संभावना बढ़ गई है। इसे लेकर अवैध निर्माण में लिप्त बिल्डरों में खलबली मच गई है।
नवनियुक्त आयुक्त अनमोल सागर ने शहर में किसी भी प्रकाश का अवैध निर्माण बर्दाश्त न किए जाने की चेतावनी अधिकारियों को दी है। इसके बाद ही निर्माण विभाग व प्रभाग समिति अधिकारी चौकन्ना हो गए हैं। जिन अधिकारियों को अभी तक अवैध निर्माण नहीं दिखाई दे रहे थे, वही अब कार्रवाई करने निकल गए हैं। मनपा प्रभाग समिति दो अंतर्गत क्षेत्र के राजीव नगर में जम-जम स्कूल के पास पुराना मकान ८९६, ८९६/१ तोड़कर मनपा से बिना कोई परमिशन लिए ही नवाब अली मेहंदी हसन खान अवैध रूप से आरसीसी इमारत बना रहा था, जिस पर सहायक आयुक्त माणिक अंकुश जाधव ने शांतिनगर पुलिस स्टेशन में एमआरटीपी का केस दर्ज करवाया है। यह अवैध निर्माण ५ सितंबर २०२४ से शुरू किया गया था और इस पर छह माह के बाद ३ मार्च २०२५ को केस दर्ज कराया गया है। इसी तरह इसी इलाके में स्कूल के बगल में शाहिद सिद्दीकी रावजीनगर में घर नंबर २९८/१/अ पर आर.सी.सी. भूतल और दो मंजिलों का १,२०० वर्गफुट का दो अवैध निर्माण करा रहे थे। उन पर शांतिनगर पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र प्रादेशिक व नगर रचना अधिनियम १९६६ की धारा ५२ के तहत केस दर्ज कराया गया है। इधर मनपा सूत्रों के अनुसार, मनपा आयुक्त द्वारा अवैध निर्माणों पर की सख्ती के बाद अब पांचों प्रभाग समिति के अधिकारी धड़ाधड़ केस दर्ज करने की तैयारी में हैं। इतना ही नहीं, खबर तो यह भी है कि अवैध निर्माणों पर तोड़क कार्रवाई शुरू की जाएगी। शहर में इन दिनों मनपा प्रशासन के भ्रष्ट अधिकारियों के कारण कई सौ अवैध निर्माण दिन रात शुरू है। ऐसे में कितने पर कार्रवाई होती है, यह तो समय ही बताएगा।