मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाराष्ट्र के मौसम में बड़ा फेरबदल ठंडी में बेमौसम बारिश का संकट

महाराष्ट्र के मौसम में बड़ा फेरबदल ठंडी में बेमौसम बारिश का संकट

अगले ४८ घंटों में कोकण, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में बारिश की चेतावनी
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में नए साल में ठंड से लोगों को मामूली रूप से राहत मिली है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की जा रही है। करीब सभी जिलों में पारा १० डिग्री के ऊपर चला गया है। ऐसे में लोगों ठंड से राहत जरूर महसूस कर रहे हैं, लेकिन बेमौसम बारिश के संकट ने किसानों के साथ ही आम लोगों को चिंता में डाल दिया है। मौसम विभाग ने संभावना जताते हुए बताया है कि अगले ४८ घंटों में कोकण, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में बारिश हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने से बंगाल की खाड़ी से वाष्प भरी हवाओं के महाराष्ट्र की ओर आने की संभावना है। इन हवाओं के कारण सप्ताह के मध्य से ही प्रदेश में बारिश के बादल देखने को मिलेंगे। सप्ताह के अंत तक सिस्टम गति पकड़ लेगा। मौसम विभाग ने कोकण और मध्य महाराष्ट्र में छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। इस बीच बारिश के कारण हवा ठंडी रहने की उम्मीद है।
कहीं गर्मी, कहीं सर्दी
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इस समय राज्य में गर्म, ठंडा और बारिश वाला मौसम बना है। मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक, राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे ठंड का जोर कम हो जाएगा। हालांकि, विदर्भ के पूर्वी हिस्से में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। साथ ही मध्य महाराष्ट्र और कोकण क्षेत्र में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
मार्च तक औसत से अधिक बारिश
जनवरी से मार्च तक तीन महीने की अवधि के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में औसत से वर्षा ११२ प्रतिशत होने की संभावना है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि महाराष्ट्र में भी औसत से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

अन्य समाचार