सामना संवाददाता / कल्याण
डोंबिवली के खोणी स्थित पलावा इलाके में पुलिस ने बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाते हुए 24 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कई नाइजीरियाई नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं, जिसके बाद मानपाडा पुलिस और नवी मुंबई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
हिरासत में लिए गए लोगों में 14 पुरुष, 6 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं। इनमें नाइजीरिया के अलावा युगांडा और घाना के नागरिक भी बताए जा रहे हैं। जांच के दौरान केवल 7 लोगों के पास वैध दस्तावेज पाए गए, जबकि 8 लोगों के पास न तो पासपोर्ट मिला और न ही वीजा। वहीं 9 लोगों के पासपोर्ट विभिन्न आपराधिक मामलों के चलते पहले से न्यायालय में जमा होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सभी लोग बिना रेंट एग्रीमेंट और पुलिस सत्यापन के किराये के मकानों में रह रहे थे।
कल्याण के डीसीपी अतुल झेंडे ने बताया कि इस ऑपरेशन में मानपाडा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीपान शिंदे और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पकड़े गए विदेशी नागरिक किसी ड्रग्स तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
इसके साथ ही जिन मकान मालिकों ने बिना एग्रीमेंट और बिना पुलिस सत्यापन के मकान किराये पर दिए हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी नागरिकों से पूछताछ जारी है। दस्तावेजों की जांच और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
