मुख्यपृष्ठसमाचारबोलेरो की टक्कर से बाइक सवार की मौत

बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार की मौत

सामना संवाददाता / राजस्थान

झुंझुनू-सोनासर सड़क मार्ग पर इशरपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज सोनी (24) पुत्र लालचंद सोनी, निवासी सोनासर के रूप में हुई है। घटना के बाद युवक के शव को झुंझुनू के राजकीय बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
सोनासर के पूर्व सरपंच रोहिताश भड़िया ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मनोज अपने पिता लालचंद, माता और भाई के साथ किसी काम से सोनासर गांव से झुंझुनू शहर आ रहा था। परिवार के चार लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सुरक्षित सफर नहीं कर सकते थे, इसलिए मनोज ने माता-पिता और भाई को बस में बैठा दिया। खुद पीछे से अपनी बाइक लेकर झुंझुनू के लिए रवाना हो गया। जैसे ही मनोज इशरपुरा के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि मनोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बस से झुंझुनू पहुंचे माता-पिता और भाई को जब मनोज की मौत की खबर मिली, तो वे सुध-बुध खो बैठे। अस्पताल परिसर में मनोज के भाई का रो-रोकर बुरा हाल था, जिसे देखकर वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। मनोज अभी अविवाहित था और अपने तीन भाइयों में बीच का (मंझला) भाई था, जबकि उसकी एक बहन भी है। घटना की खबर मिलते ही सोनासर गांव के पूर्व सरपंच रोहिताश भड़िया सहित भारी संख्या में ग्रामीण और परिजन बीडीके अस्पताल पहुंचे। ग्रामीण संजय स्वामी ने बताया कि पिता और बेटा दोनों रंग-पेंट का काम करके घर चलाते थे।

अन्य समाचार