मुख्यपृष्ठनए समाचारबिश्नोई को करनी है हाई प्रोफाइल हत्या!..मुंबई में धराए गैंग के ५...

बिश्नोई को करनी है हाई प्रोफाइल हत्या!..मुंबई में धराए गैंग के ५ शूटर

– राजस्थान और हरियाणा से हैं संबंध

-लोडेड पिस्टल्स, मैगजीन्स और गोलियां जब्त

सामना संवाददाता / मुंबई

फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के बाद बिश्नोई गैंग की ओर से कई हाई प्रोफाइल लोगों को प्रोटेक्शन मनी के लिए धमकियां मिली हैं। इन धमकियों में साफ लब्जों में कहा गया कि अगर उन लोगों ने उनकी बात नहीं मानी तो अंजाम बुरे होंगे। एक्टर सलमान खान, रणवीर सिंह, कॉमेडियन कपिल शर्मा को धमकियां मिल चुकी हैं। इस बीच दक्षिण मुंबई के एक होटल में खतरनाक हथियारों के साथ ५ शूटरों के पकड़े जाने से पुलिस महकमे के साथ ही फिल्म इंडस्ट्री में भी हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि शूटर्स किसी हाई प्रोफाइल शख्स की हत्या करने के लिए मुंबई आए थे। मगर वे अपनी साजिश को अंजाम दे पाते इससे पहले सभी शूटर्स हथियारों के साथ धर लिए गए।
आरोपियों के पास से पुलिस ने ३ लोडेड पिस्टल, कई मैगजीन्स और कुल २१ राउंड गोलियां जप्त की हैं। पकडे गए सभी शूटरों की उम्र १९ से २६ के बीच है और वे राजस्थान और हरियाणा के रहने वाले हैं।
पायधुनी के होटल में छिपे थे शूटर!
पुलिस को टिप मिली थी कि पायधुनी के एक होटल में कुछ शूटर ठहरे हुए हैं। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने वहां छापा मारकर उन्हें धर दबोचा। ये सभी शूटर राजस्थान और हरियाणा के हैं।उक्त स्थान के होने के कारण पुलिस को शक है कि सभी बिशनोई गैंग के हो सकते हैं, क्योंकि बिश्नोई की उन राज्यों में पकड़ ज्यादा है।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को खुफिया जानकारी मिली थी कि पायधुनी में नारायण धुरु स्ट्रीट पर मौजूद एक होटल के रूम नंबर ३०५ पर कुछ शूटर्स किसी बड़ी प्लानिंग के तहत इकठ्ठा हुए हैं और उनके पास कई विदेशी पिस्टल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और क्राइमब्रांच, एंटी एक्सटार्शन सेल और पायधुनी पुलिस ने मिलकर होटल में छापेमारी की। ऑपरेशन के दौरान, मौके पर पांच शूटर मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र अमरलालजी मीना (२५), रोहित घनश्याम मीना (२४), कार्तिक बिजंदर पारचा (१९), दीपक कुमार छीतरमल बिल (२६) और रौनक पन्नालाल मेरोठा (२५) के तौर पर हुई है। पुलिस यह पता करने में जुटी है कि शूटर्स किस मकसद से हथियारों से लैस होकर मुंबई पंहुचे थे और उनका टारगेट क्या था? पायधुनी पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की धारा ३ और २५ के साथ-साथ धारा ३७(१)(ए) और १३५ के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

अन्य समाचार