एजेंसी / बगदाद
एक इराकी सांसद ने अमेरिका के ऊपर एक चौंकाने वाला आरोप लगाया है। अल-रशीद टीवी को दिए इंटरव्यू में इराकी सांसद अब्दुल्ला अल-खैकानी ने दावा किया कि इस क्षेत्र को युद्ध से अशांत करने के बाद अमेरिका अब बादलों की चोरी कर रहा है, जिससे इराक में बारिश न के बराबर हो रही है। इराकी सांसद के इस आरोप के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स मजे लेते हुए कह रहे हैं कि ये तो दूर की कौड़ी ले आया और बादलों की चोरी की अफवाह पैâला रहा है।
बता दें कि इंटरव्यू में सांसद ने आरोप लगाया कि अमेरिका विमानों की मदद से बादलों को ‘तोड़ने’ और ‘चुराने’ की कोशिश कर रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसी कोई ज्ञात तकनीक मौजूद नहीं है, जिससे इंसान बादलों को ‘चुरा’ सके। इराकी मौसम विभाग के प्रवक्ता अमर अल-जाबिरी के अनुसार यह दावा ‘न तो वैज्ञानिक और न ही तार्किक’ है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले साल सितंबर में ही यह अनुमान लगाया गया था कि २०२६ इराक में बारिश वाला साल होगा।
खैकानी ने आरोप दोहराया
बीबीसी के संपर्क करने पर अल-खैकानी ने फिर यह आरोप दोहराया कि ‘वायुमंडलीय संशोधन का हथियार’ इराक में ‘जानबूझकर सूखा पैदा करने के लिए’ इस्तेमाल किया गया है, लेकिन उन्होंने कोई सबूत नहीं दिया। तुर्की में कुछ यूजर्स ईरान युद्ध और वहां हो रही तेज बारिश के बीच संबंध जोड़ रहे हैं।
