मुख्यपृष्ठखबरेंवरुण को भाजपा नहीं करती पसंद...राजभर ब्लैकमेलर-राम भुआल निषाद

वरुण को भाजपा नहीं करती पसंद…राजभर ब्लैकमेलर-राम भुआल निषाद

-सुलतानपुर पहुंचे पूर्व मंत्री सपा प्रत्याशी रामभुआल

विक्रम सिंह / सुलतानपुर

अवध की वीआईपी मानी जाने वाली सुलतानपुर सीट से बीजेपी की मेनका गांधी के खिलाफ इंडिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी रामभुआल निषाद ने भाजपा व उसके सहयोगी दलों पर आरोपों की बौछार कर दी है। उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद बुधवार को पहली बार चुनाव क्षेत्र में पहुंचे निषाद ने आक्रामक लहजे में हमला बोला। कहा कि मैं ही असली प्रत्याशी हूं। जनता जानती है कि मैं खेत में काम करता हूं। गाय-भैंस रखता हूं। मछली का कारोबार है मेरा। मैं बनावटी आदमी नहीं। हेमामालिनी दस दिन गेहूं काटेंगी, तो हीरोइन जैसी नहीं दिखाई देंगी। दो घंटे खेत में चले जाएंगे ये लोग, तो उनका चेहरा काला पड़ जाएगा और बीमार पड़ जाएंगे।
भाजपा पर हमलावर यूपी सरकार के पूर्व मंत्री निषाद ने आरोप लगाया कि जो भाजपा कहती है, वो करती नहीं। एक नया नारा मोदी जी की गारंटी है, लेकिन उनकी गारंटी कुछ भी नहीं। भाजपा और वरुण गांधी के परिवार के बीच खटपट है। वरुण गांधी को भाजपा पसंद नहीं करती, इसलिए पार्टी ने टिकट नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि साइकिल दौड़ रही है। पहली बार सपा सुलतानपुर से जीतेगी।
सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर पर भी तीखे प्रहार में निषाद पीछे नहीं हटे, कहा कि वे तो राजनीति के लायक नहीं। उनका असली काम तो गेहूं काटना और मछली मारना है। वे राजनीति में अपने लोगों को गुमराह करते हैं। कभी भाजपा से समझौता और कभी अखिलेश यादव को ब्लैकमेल करते हैं। यही उनका धंधा है। सपा के मंच से दो साल पहले मुख्‍यमंत्री को ललकार रहे थे राजभर, अब फिर वही गिड़गिड़ा रहे हैं। भाजपा के सहयोगी निषाद पार्टी के प्रमुख डॉ. संजय निषाद पर राम भुआल निषाद ने आरोप लगाए कि उन्होंने सपा को धोखा दिया। भाजपा ने भी उन्‍हें धोखा दिया है और उन्हें एक भी टिकट नहीं दिया। वो जो कर रहे हैं, उसके जिम्‍मेदार वो खुद हैं। मुझे पूरा विश्‍वास है कि वे सुलतानपुर से जीत दर्ज करेंगे। उधर सपा उम्मीदवार के सुलतानपुर पहुंचने पर पूर्व एमएलए अनूप संडा, सपा जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव आदि ने उनकी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर अगवानी की।

अन्य समाचार