मुख्यपृष्ठसमाचारमुट्ठी भर अनाज बांट कर खेत लूट रही भाजपा-अखिलेश यादव

मुट्ठी भर अनाज बांट कर खेत लूट रही भाजपा-अखिलेश यादव

मनोज श्रीवास्तव /लखनऊ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई है। भाजपा ने ‘इलेक्टोरल बॉड’ में जिस तरह का घालमेल किया है, उससे साबित होता है कि भाजपाई राजनीति की जड़ें भ्रष्टाचार के गहरे पाताल में चली गई हैं। ‘मुट्ठी भर राशन बांट कर खेत लूटने वाली भाजपा का मुखौटा अब उतर गया है। जनता जीतेगी, भाजपा हारेगी! हम सब साथ हैं। शुक्रवार को किसानों को संबोधित अपने संदेश में उन्होंने कहा कि ‘इलेक्टोरल बॉड’ को सुप्रीम कोर्ट द्वारा असंवैधानिक घोषित करने के बाद किसान आंदोलन में एक नई ऊर्जा आई है। इन तथाकथित राजनीतिक चंदों के नाम पर जो लोग पिछले दरवाजे से भाजपा की हथेली गरम कर खेती-किसानी से जुड़े कारोबारों पर कब्जा कर अपना व्यापारिक स्वार्थ साधना चाहते थे, अब वो भाजपा को चंदा नहीं देंगे। भाजपा पैसे के लालच में गांव, गरीब, किसान, मजदूर का जो हक मार रही थी, वो सब अब धीरे-धीरे खत्म होगा।
अब ये बात किसानों-मजदूरों व भाजपा विरोधी लोगों द्वारा देश के हर गांव, गली, मोहल्ले तक पहुंचनी चाहिए कि ‘भ्रष्ट भाजपा’ कैसे अमीरों से पैसे लेकर आम जनता के खिलफ साजिश रचती है। पैसे लेकर सवाल पूछने के झूठे आरोपों पर जब किसी सांसद की सदस्यता जा सकती है, तो पैसे लेकर किसान-मजदूर विरोधी नीतियां बनाने पर तो भाजपा के सभी सांसदों की सामूहिक सदस्यता चली जानी चाहिए। उन्होंने शंभू बार्डर पर प्रदर्शनकारी गुरदासपुर के किसान सरदार ज्ञान सिंह की मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भाजपा से ‘इलेक्टोरल बॉड’ के साथ किसान आंदोलनों में हुई किसानों की मौत का भी हिसाब मांगे।

अन्य समाचार