मुख्यपृष्ठनए समाचारगोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता की हत्या ...हमलावरों ने...

गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता की हत्या …हमलावरों ने 50 से 60 वार कर चाकू से गोद डाला

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मस्थली गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा में मंगलवार सुबह भाजपा नेता राजकुमार चौहान की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मॉर्निंग वॉक पर निकले राजकुमार चौहान पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का सटीक पता लगाया जा सके।

पुलिस के अनुसार राजकुमार चौहान मंगलवार सुबह बरगदवा क्षेत्र में अपनी नियमित मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के अनुसार हमलावरों ने उन पर अत्यधिक क्रूरता से चाकू से हमला किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन पर 50 से 60 वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

राजकुमार चौहान भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी। उनकी हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।

हत्यारों की पहचान और उनके मकसद का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो अलग अलग दिशाओं में जांच कर रही हैं। इस घटना के बाद बरगदवा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से आहत और भयभीत हैं। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और गश्त बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

अन्य समाचार