-कालिख पोतने पर एक लाख देने की घोषणा
-कांग्रेस ने दोहरी नीति पर खोली पोल
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से करने वाले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के बयान पर राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है। भाजपा के लोग सड़क पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। उग्र प्रदर्शन करते हुए भाजपाइयों ने सपकाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अहिल्याबाई नगर के भाजपा जिलाध्यक्ष ने विवादित घोषणा करते हुए कहा कि जो व्यक्ति हर्षवर्धन सपकाल की जीभ काटेगा, उसे शहर भाजपा की ओर से १० लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा।
दूसरी तरफ सोलापुर में भाजपाइयों ने सीधे एलान किया कि सपकाल के चेहरे पर कालिख पोतने वाले को एक लाख का इनाम दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष मोहिते ने कहा कि शिवाजी महाराज हिंदुओं के आराध्य और महाराष्ट्र की अस्मिता हैं, जबकि टीपू सुल्तान से उनकी तुलना करना महाराष्ट्र का घोर अपमान है। उन्होंने कांग्रेस पर इतिहास को विकृत करने और मुगल शासकों का महिमामंडन करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि हिंदुओं पर अत्याचार करने वाले शासकों के साथ शिवाजी महाराज का नाम जोड़ना असहनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार ऐसे बयान देकर समाज को भड़काने का काम कर रही है। प्रदर्शन में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए और शिवाजी महाराज के जयघोष के साथ सपकाल के खिलाफ नारेबाजी की गई।
एमआईएम से गठबंधन
कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि भाजपा और देवेंद्र फडणवीस यह भूल रहे हैं कि हाल ही में हुए नगरपालिका चुनाव में भाजपा के बैनरों और पोस्टरों पर टीपू सुल्तान की तस्वीरें थीं। भाजपा ने राज्य में अमरावती, चंद्रपुर सहित २१ स्थानों पर धर्मांध एमआईएम से गठबंधन किया है, यह भाजपा को स्वीकार है, तो अब समस्या क्या है? भाजपा कांग्रेस कार्यालय पर मोर्चा लाने और १७ तारीख को मेरे पुतले जलाने की तैयारी कर रही है।
