मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा की ‘गंदी राजनीति’...जीत नहीं सकते तो करते हैं हिंदू–मुसलमान!.. आदित्य ठाकरे...

भाजपा की ‘गंदी राजनीति’…जीत नहीं सकते तो करते हैं हिंदू–मुसलमान!.. आदित्य ठाकरे का हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

भाजपा राज्य में अब कोई भी चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है, इसलिए अब उसने हिंदू–मुसलमान, मराठी–गैर मराठी और जातीय राजनीति का खेल शुरू कर दिया है। उसने वोट चोरी के सहारे अब तक सत्ता हथियाने का काम किया है, लेकिन भाजपा की वोट चोरी हम उजागर करेंगे। ऐसा जोरदार हमला शिवसेना नेता और युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर बोला।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हम वोट चोरी का मुद्दा पूरी ताकत से उठाएंगे। पारदर्शी चुनाव हुए तो भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी। इसी कारण वे समाज में फूट डालने की राजनीति कर रहे हैं। आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाते हुए कि भाजपा हिंदू–मुसलमान में झगड़ा लगाती है। जहां यह नहीं चलता, वहां हिंदुओं में ही फूट डालने की कोशिश करती है। जाति के आधार पर राजनीति की जाती है। और जहां यह भी नहीं चलता, वहां मराठी-गैर मराठी का मुद्दा उठा कर समाज मे जहर घोलती है। उन्होंने कहा कि हर तरह की वोट चोरी, चुनाव सेटिंग, अपने लोगों को चुनाव आयोग में बैठाना और १०-१० हजार रुपए बांटना, इन सबके बावजूद भी भाजपा को खुद पर भरोसा नहीं कि वह चुनाव जीत सकती है।
वोट चोरों को छोड़ेंगे नहीं
वोट चोरी का मामला हम छोड़ने वाले नहीं हैं। विपक्ष ने भाजपा की वोट चोरी उजागर की है। हरियाणा में वोट चोरी का मामला सामने लाया गया। बिहार की वोट चोरी भी जल्द उजागर की जाएगी। मुंबई के वरली विधानसभा क्षेत्र में भी वोट चोरी पकड़ी गई। इस बार प्रारूप मतदाता सूची में ही बड़ी धांधलियां मिलीं है। उन्होंने कहा कि लाखों नाम संभावित डुप्लीकेट के रूप में दर्ज हैं। एक घर में १० से ज्यादा मतदाता दिखाए गए हैं। कई जगह दुकानों के पते पर मतदाता दिखाए गए हैं। कुछ जगह तो सार्वजनिक शौचालय के पते पर दर्जनों मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। हम डुप्लीकेट और बोगस मतदाताओं की पहचान कर रहे हैं।
आदित्य ठाकरे ने उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के उस बयान पर कड़ी चेतावनी दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘मत दो तो फंड मिलेगा’। आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह दादागीरी महाराष्ट्र में नहीं चलेगी। हमारे देश में लोकतंत्र है, संविधान है और न्यायपालिका है। न्याय देवता जल्द न्याय करेंगे, हमें पूरा विश्वास है।
चुनाव आयोग के देशद्रोही कृत्यों का करेंगे पर्दाफाश!
आदित्य ठाकरे ने कुछ दिन पहले मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों को सबूतों के साथ उजागर किया था। अब उन्होंने फिर चेतावनी दी है कि वे जल्द ही चुनाव आयोग के देशद्रोही कृत्यों का पर्दाफाश करने वाले हैं। उन्होंने इस संदर्भ में ट्वीट करके मुंबई मनपा चुनाव के लिए जारी की गई प्रारूप मतदाता सूची की तारीख को लेकर सामने आए घोटाले को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि मूल रूप से यह सूची ७ नवंबर को आने वाली थी, फिर १४ नवंबर की तारीख दी गई और आखिर में यह २० नवंबर को ऑनलाइन प्रकाशित की गई। इसमें भारी गड़बड़ी है।
चुनाव आयोग से सवाल
-१४ तारीख को जो प्रारूप मतदाता सूची तैयार थी, वह किसे दी गई?
-क्या यह सूची कुछ खास लोगों को ही दी गई थी?
-बाकी लोगों को यह सूची देने में देरी क्यों की गई?
-क्या आप सूची में कुछ गड़बड़ करने के लिए ही रुके हुए थे?
-आप किसके आदेश का इंतजार कर रहे थे?
-यह सूची मशीन-रीडेबल क्यों नहीं है? क्या इस डर से कि आपके देशद्रोही कृत्यों का भंडाफोड़ हो जाएगा?

अन्य समाचार