मुख्यपृष्ठस्तंभब्लैकमेल, रहस्य और मौत ...तुर्की इन्फ्लुएंसर की मौत पर नए सवाल

ब्लैकमेल, रहस्य और मौत …तुर्की इन्फ्लुएंसर की मौत पर नए सवाल

तुर्की की २७ वर्षीय फैशन इन्फ्लुएंसर आयसेगुल एरासलान की मौत अब केवल एक निजी त्रासदी नहीं, बल्कि डिजिटल युग के अंधेरे पक्ष का भयावह उदाहरण बनती जा रही है। एरासलान १३ मार्च, २०२६ को तुर्की के काथाने स्थित अपने घर में मृत पाई गई थीं। वह मिस्र यात्रा से लौटने के कुछ ही दिन बाद दुनिया से चली गईं। अब उनके परिवार के वकील हसन यिलमाज ने दावा किया है कि मौत से पहले आयसेगुल को अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल और धमकाया जा रहा था। परिवार का कहना है कि इस संबंध में ठोस प्रमाण अदालत को सौंपे जा चुके हैं, लेकिन जिन लोगों पर संदेह है, उनके बयान अब तक दर्ज नहीं किए गए।
मामला इसलिए और रहस्यमय हो गया है क्योंकि पुलिस ने उनके घर से मोबाइल फोन, नोट्स और खून के निशान वाला चाकू जब्त किया है। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, एक हस्तलिखित रक्तरंजित नोट भी मिला, जिसे वकील ने संदिग्ध बताया है। परिवार चाहता है कि जांच केवल आत्महत्या की दिशा में न चले, बल्कि हत्या या आत्महत्या के लिए उकसाने की आशंका को भी गंभीरता से देखा जाए।
आयसेगुल पहले फैशन शो से चर्चित हुईं और बाद में सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान बनाई। लेकिन उनकी मौत ने फिर सवाल खड़ा किया है, ऑनलाइन प्रसिद्धि की चमक के पीछे निजी जीवन कितना असुरक्षित हो सकता है। यह मामला डिजिटल ब्लैकमेल, निजता और साइबर अपराधों पर कठोर कार्रवाई की मांग करता है।

अन्य समाचार