मुख्यपृष्ठनए समाचारशादी के विरोध का खूनी अंत!

शादी के विरोध का खूनी अंत!

सामना संवाददाता / वसई

-महिला की हत्या कर गहने और मोबाइल लेकर फरार हुआ आरोपी वसई से गिरफ्तार

शादी का विरोध करने से नाराज एक युवक ने ५८ वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी और घर से सोने के गहने व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी को आखिरकार अपराध शाखा जोन-४ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सागर रमेश राऊल (३४) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से १ लाख ११ हजार रुपए मूल्य का चोरी का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने शिकायतकर्ता की छोटी बहन से शादी करने की इच्छा जताई थी, लेकिन युवती की मां शैला घाडी ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने १९ मई को गोवा में महिला के घर में घुसकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी महिला के गले से सोने की चेन और मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गोवा के बिचोलीम पुलिस थाने में हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिचोलीम पुलिस स्टेशन के निरीक्षक विजय वी. राणे सरदेसाई ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वसई की अपराध शाखा जोन-४ ने भी समानांतर जांच शुरू की। गोपनीय सूचनाओं और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी सागर राऊल को धर दबोचा।

अन्य समाचार