सामना संवाददाता / बंगलुरु
प्रेम के नाम पर बंगलुरु में हुई एक खौफनाक कांड ने लोगों को दहला दिया है। एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी को घर बुलाया और ‘बीडीएसएम’ रोल प्ले करने की आड़ में जिंदा जला दिया। इतना ही नहीं, इस कत्ल की वारदात की उसने लाइव रिकॉर्डिंग भी की।
घटना के वक्त प्रेमी बेड पर था। उसकी आंखों पर पट्टी बंधी थी। उसके हाथों में हथकड़ी लगी थी और पांव भी बंधे थे। यह एक कपल के बीच बीडीएसएम (सहमति-आधारित यौन गतिविधि है) रोल प्ले था। अचानक इसने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया। सुबह युवक की लाश इसी अवस्था में बेड पर मिली। इस केस में हिला देने वाला खुलासा हुआ कि प्रेमी को उसकी ही प्रेमिका ने जिंदा जला दिया।
पुलिस ने उत्तर-पश्चिमी बंगलुरु की रहने वाली २७ साल की प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि महिला ने पहले युवक को बांधा, उसकी आंखों पर पट्टी बांधी और फिर उसे आग लगा दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रेमा और पीड़ित किरण, दोनों २७ साल के थे। वे राजाजीनगर में एक मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर स्टोर में साथ काम करते थे और पिछले लगभग दो सालों से रिलेशनशिप में थे।
शादी करना चाहती थी
प्रेमा, किरण से शादी करना चाहती थी, लेकिन वह टाल-मटोल कर रहा था। बीते दिन उसने प्रेमा से शादी करने से इनकार कर दिया। इससे प्रेमा को गुस्सा आया। हालांकि, उसने किरण पर अपना गुस्सा जाहिर नहीं किया और प्रेमा ने किरण को अपने घर बुलाया।
खौफनाक सरप्राइज
पुलिस ने बताया कि प्रेमा का घर ब्यादराहल्ली पुलिस स्टेशन के इलाके में अंजननगर में स्थित है। किरण, जिसने शुरू में नेलमंगला जाने का प्लान बनाया था, वह वहां न जाकर प्रेमा से मिलने चला गया। जांचकर्ताओं ने बताया कि प्रेमा ने उसे एक सरप्राइज देने की बात कही थी।
प्रेम क्रीड़ा में मिली खौफनाक ‘मौत’!
बंगलुरु में एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी को घर बुलाकर मार डाला। प्रेमिका प्रेमा ने अपने प्रेमी किरण को यकीन दिलाया कि दोनों के बीच यह पल खास और शानदार होने वाला है। उसने कथित तौर पर किरण की आंखों पर पट्टी बांधी और उसके हाथ-पैर किसी हथकड़ी की तरह रस्सी से बांध दिए। किरण को यकीन दिलाया कि यह सब प्रेम क्रीड़ा का एक हिस्सा है। किरण की आंख पर पट्टी, हाथ और पैरों को बांधने के बाद उसने उसे बेड पर ऐसे ही छोड़ा। फिर किरण पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और उसे आग लगा दी। खुद को छुड़ाने में नाकाम रहने पर किरण की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच के दौरान, अधिकारियों को ऐसे सबूत मिले, जिनसे पता चलता है कि ज्वलनशील पदार्थ पहले से ही खरीदा गया था, जो इस बात का संकेत है कि यह हत्या पहले से सोची-समझी हो सकती है। उन्होंने महिला का फोन भी जब्त कर लिया है, जिसमें कथित तौर पर पीड़ित के आखिरी पलों की रिकॉर्डिंग मौजूद है।
बार-बार बदले बयान
पूछताछ के दौरान, प्रेमा ने शुरू में दावा किया कि जब उसने एक जोरदार आवाज सुनी, तब वह बाथरूम में थी। हालांकि, पुलिस ने बताया कि उसने कई बार अपने बयान बदले और बाद में कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पहली नजर में ऐसा लगता है कि आरोपी ने एक रोमांटिक मुलाकात की आड़ में पीड़ित को बांधा और उसे आग लगा दी। आगे की जांच जारी है।
पड़ोसियों ने पुलिस बुलाई
पड़ोसियों ने किरण की चीखें सुनीं और घर से निकलता हुआ घना धुआं देखा, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। दमकल और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं। शुरू में पुलिस ने प्रेमा के दावे के आधार पर इस मामले को आत्महत्या का संदिग्ध मामला माना था, लेकिन उसके बयानों में विरोधाभास और बाद में मिली जानकारियों से पता चला कि इसमें कोई साजिश हो सकती है।
