मुख्यपृष्ठअपराधबाराबंकी में बर्बरता...पुलिस थाने के पीछे ही किशोरी को जिंदा जलाया गया!

बाराबंकी में बर्बरता…पुलिस थाने के पीछे ही किशोरी को जिंदा जलाया गया!

-जान बचाने के लिए बदहवास दौड़ती रही जलती युवती

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में एक १७ साल की किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात थाने से महज १०० मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई। अस्पताल में इलाज के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, मोहम्मदपुर खाला गांव के रहने वाले मैकू की १७ वर्षीय बेटी गुरुवार दोपहर करीब १२ बजे घर से शौच के लिए निकली थी। घर से कुछ ही दूर जाने पर थाने के ठीक पीछे र्इंट-भट्ठे के पास अचानक उसकी चीख सुनाई दी। जब गांव वाले उधर दौड़े, तो देखा कि लड़की आग की लपटों में घिरी हुई थी। ग्रामीणों ने आनन-फानन में आग बुझाई और उसे गंभीर हालत में सूरतगंज के अस्पताल में ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पहुंची। अस्पताल में जब किशोरी को थोड़ी देर के लिए होश आया, तो पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। अपने आखिरी बयान में किशोरी ने युवक का नाम अमरेंद्र बताया है, जो पहले मोहम्मदपुर खाला चौराहा स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। पुलिस ने बताया कि वह युवक अब पेट्रोल पंप की नौकरी छोड़ चुका है। घटना वाली जगह से पुलिस को पेट्रोल का एक डिब्बा और पानी की बोतल भी मिली है।
एक महीने पहले पटना में भी जिंदा जली थी युवती
बिहार की राजधानी पटना के गोपालपुर में एकतरफा प्यार में पागल युवक की दरिंदगी ने पूरे देश को दहला दिया था। १७ जनवरी को आदित्य कुमार नाम के एक सिरफिरे ने सरेराह एक नाबालिग किशोरी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया था।
`जलाने से पहले किशोरी के साथ हुआ कुकर्म’
इस मामले में लड़की के परिवार वालों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लड़की के साथ गलत काम करने के बाद उसे जान से मारने के लिए आग लगाई गई है। जब लड़की की बड़ी बहन मौके पर पहुंची, तो उसने देखा कि किशोरी के शरीर पर कपड़े नहीं थे। ग्रामीणों ने रजाई ओढ़ाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अन्य समाचार