दर्जनों मरणासन्न व मृत गौवंशों को वाहनों से उतार हाईवे के किनारे फेंका
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
यूपी में गौरक्षक योगी आदित्यनाथ का राज है। बावजूद इसके प्रदेश में गौवंशीय पशुओं की तस्करी, बर्बरता और हत्या की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लग पा रहा है। सोमवार सुबह अयोध्या परिक्षेत्र के सुल्तानपुर जिले में टांडा-बांदा हाईवे के किनारे बड़ी संख्या में गाय, बैल और बछड़े मृत व अचेत अवस्था में पड़े मिले। आशंका है कि यह गौ तस्करों अथवा गौकशों की करतूत है। इन गौवंशों को किन्हीं कारणों से यहां वाहन से उतारकर फेंक दिया गया और तस्कर फरार हो गए। फिलहाल अचेत एवं बीमार हालत में मिले गौवंशों को इलाज के लिए मवेशी अस्पताल ले जाया गया है। संपूर्ण मामले की सघन जांच और आरोपियों के पर्दाफाश के लिए पुलिस कप्तान ने कई टीमें गठित कर दी हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे थाना जयसिंहपुर के ग्राम माधवपुर के प्रधान ने सूचना दी कि उनके गांव के बाहर अकबरपुर-सुल्तानपुर स्टेट हाईवे (टांडा-बांदा हाईवे) के किनारे निर्जन स्थान पर कुछ मृत और जीवित गौवंश मिले हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि मृत गौवंशों को वाहन से यहां डंप किया गया है। घटना ट्रांजिट यानी लाने-ले जाने के दौरान हुई है या आसपास कहीं गौवंशों की तबीयत खराब हुई है और किसी ने उन्हें यहां लाकर छोड़ दिया है।
उन्होंने बताया कि सभी जीवित गौवंशों का उपचार कराया जा रहा है तथा मृत गौवंशों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। टीमें गठित कर दी गई हैं और सर्विलांस के माध्यम से घटना में प्रयुक्त वाहन तथा अपराधियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र कार्रवाई के लिए चार टीमें, एसओजी और पूरे सर्किल जयसिंहपुर की पुलिस फोर्स लगाई गई है।
उन्होंने कहा कि मृत गौवंशों के सम्मानपूर्वक निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। किसी भी अपराधी को छोड़ा नहीं जाएगा। घटना का खुलासा कर गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
