बांग्लादेश में ईद-उल-अजहा से पहले पशु बाजारों में रौनक बढ़ गई है। इसी बीच ढाका के पास नारायणगंज इलाके में दो अलग दिखने वाले भैंसे लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि इनकी शक्ल कथित तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मिलती-जुलती है। इसी कारण इन्हें मजाकिया तौर पर ‘ट्रंप’ और ‘नेतन्याहू’ नाम दे दिया गया है। इतना ही नहीं, इन भैसों की ईद पर कुर्बानी दिए जाने की बात हो रही है।
खबरों के अनुसार, ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम वाले भैंसे का वजन करीब ७०० किलोग्राम है। इसके हल्के रंग, गुलाबी त्वचा और सुनहरे बालों को देखकर लोग इसे ट्रंप के चर्चित हेयरस्टाइल से जोड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। कई लोग खेतों और पशु फार्मों तक पहुंचकर इन भैंसों के साथ सेल्फी ले रहे हैं।
बांग्लादेशियों में उत्सुकता
ईद से पहले आम तौर पर पशुओं की कीमत, वजन और नस्ल चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार बांग्लादेश के ये भैंसे अपनी ‘अंतरराष्ट्रीय शक्ल-सूरत’ के कारण सुर्खियों में हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह मामला उत्सुकता और मनोरंजन का विषय बन गया है।
