मुख्यपृष्ठसमाचार24 घंटे में नकबजनी का खुलासा: जेवर और नकदी के साथ आरोपी...

24 घंटे में नकबजनी का खुलासा: जेवर और नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार

राजेश सरकार

प्रयागराज। यमुनानगर के कौंधियारा थाना पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर नकबजनी की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने आरोपी अनीश पांडे उर्फ गब्बर पांडे (29) को कैथा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी किए गए सफेद और पीली धातु के आभूषणों के साथ 5,790 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

यह मामला शनिवार, 2 मई का है, जब बेलसारा निवासी अनुज कुमार साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शादी समारोह में परिवार के शामिल होने के दौरान अज्ञात चोरों ने उनके और उनके बड़े भाई के घर का ताला तोड़कर जेवर और नकदी चोरी कर ली।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एक टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि गांव में शादी होने के कारण घर खाली था। इसी का फायदा उठाकर वह छत के रास्ते अंदर घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसने यह भी बताया कि चोरी की गई नकदी में से कुछ रकम वह खर्च कर चुका है।

पुलिस ने आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें बिछिया, पायल, चेन, कमर पेटी, मंगलसूत्र, अंगूठी और अन्य जेवर शामिल हैं। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

अन्य समाचार