मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिटीएमयू में सीए डॉ. अभिनव अग्रवाल ने स्टूडेंट्स को दिए एंटरप्रेन्योरशिप के...

टीएमयू में सीए डॉ. अभिनव अग्रवाल ने स्टूडेंट्स को दिए एंटरप्रेन्योरशिप के टिप्स

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) की ओर से “एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट थ्रू क्रेडिट अवेयरनेस एंड फाइनेंशियल प्लानिंग” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सीनियर सीए डॉ. अभिनव अग्रवाल ने कहा कि एंटरप्रेन्योरशिप की शुरुआत सही सोर्स ऑफ मनी से होती है, जिसमें परिवार की बचत यानी मार्जिन मनी का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने बचत और निवेश के अंतर को समझाते हुए बताया कि बचत को एफडी और म्यूचुअल फंड जैसे विकल्पों में निवेश कर बेहतर रिटर्न प्राप्त किया जा सकता है।

क्रेडिट और लीवरेज की अवधारणा को सरल भाषा में समझाते हुए उन्होंने कहा कि सही तरीके से लिया गया ऋण व्यवसाय की वृद्धि को गति दे सकता है। साथ ही उन्होंने ऋण स्वीकृति और वित्तीय विश्वसनीयता के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार, पैन और आयकर रिटर्न की फाइलिंग की महत्ता भी बताई। उन्होंने कहा कि अच्छा क्रेडिट स्कोर भविष्य में आसानी से ऋण मिलने और कम ब्याज दर प्राप्त करने में सहायक होता है।

कार्यक्रम में डॉ. अग्रवाल ने क्रेडिट कार्ड के फीचर्स, उपयोग, बिलिंग अनुशासन, क्रेडिट स्कोर और क्रेडिट रिपोर्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल लेंडिंग और सुरक्षित लेनदेन के प्रति जागरूक करते हुए आरबीआई के दिशा निर्देश, फर्जी लोन ऐप्स की पहचान और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखें और किसी भी प्लेटफॉर्म की सत्यता की जांच अवश्य करें।

उपभोक्ता अधिकार और शिकायत निवारण प्रणाली पर चर्चा करते हुए उन्होंने आरबीआई ओम्बड्समैन व्यवस्था और फेयर प्रैक्टिस कोड की जानकारी दी। स्टार्टअप और एमएसएमई रजिस्ट्रेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि डीपीआईआईटी स्टार्टअप रजिस्ट्रेशन और सही दस्तावेजीकरण से एंटरप्रेन्योर्स को सरकारी योजनाओं, सब्सिडी और फंडिंग के अवसर मिलते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य वक्ता सीए डॉ. अभिनव अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में इंटरैक्टिव सत्र में छात्रों ने अपने सवाल रखे, जिनका विशेषज्ञ ने व्यावहारिक जवाब दिया।

इस अवसर पर श्री रवि कुमार, डॉ. योगेश कुमार, डॉ. रेनू चौधरी, डॉ. आभा तिवारी, श्री राहुल गंगवार, सुश्री विवेचना, डॉ. अर्चना जैन, डॉ. वर्षा राजपूत सहित आरआईटी, फॉरेंसिक साइंस, ऑप्टोमेट्री और एमएलटी के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्रा पलक गौर ने किया।

अन्य समाचार