मुख्यपृष्ठनए समाचारझुंझुनू सड़क हादसे में ऊंटगाड़ी चालक की मौत

झुंझुनू सड़क हादसे में ऊंटगाड़ी चालक की मौत

सामना संवाददाता / झुंझुनू

राजस्थान में झुंझुनू जिले के पचेरी कलां थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में एक ऊंटगाड़ी चालक मजदूर की मौत हो गई। माजरी गांव निवासी 45 वर्षीय बृजलाल बेटा होशियार सिंह ईंट भट्टे पर मजदूरी के लिए जा रहे थे, तभी यह घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बृजलाल अपनी ऊंटगाड़ी लेकर डूमोली गांव स्थित ईंट-भट्टे पर ईंट भराई के काम के लिए जा रहे थे।
दिल्ली-झुंझुनू सड़क मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी ऊंटगाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ऊंटगाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ऊंट भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ऊंट का उपचार करवाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पचेरी कलां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिंघाना सीएचसी में पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। मृतक बृजलाल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी मिंकु और बेटा इशांत हैं, जो ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की शादी की थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह बृजलाल के कंधों पर थी।

अन्य समाचार