सामना संवाददाता / मुंबई
पूर्व उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। हादसे में ५ लोगों की मौत के बाद उठे सवालों के बीच अब इस मामले में सीबीआई जांच की मांग ने जोर पकड़ लिया है। सूत्रों के अनुसार, अब सीएम फडणवीस ने भी केंद्र सरकार को पत्र लिखकर न्याय के लिए इस मामले को सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। दुर्घटना के बाद एनसीपी नेता रोहित पवार ने इस हादसे को लेकर गंभीर संदेह जताया था।
६ मार्च को सीएम ने लिखा था अमित शाह को पत्र!
बारामती विमान हादसे का मामला अब सीबीआई के पास जानेवाला है। हाल ही में रोहित पवार ने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच के लिए केंद्र को कोई प्रस्ताव नहीं भेजा है। इस पूरे विवाद के बीच अब मुख्यमंत्री का बड़ा कदम सामने आया है। फडणवीस ने ६ मार्च को ही केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर इस हादसे की सीबीआई जांच की मांग कर दी थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पत्र के साथ ही रोहित पवार का पत्र भी संलग्न किया गया है, जिससे साफ है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
