हिमांशु राज
पूर्व अभिनेत्री सेलिना जेटली इन दिनों दर्द भरी जंग लड़ रही हैं। यूएई में बंद अपने भाई, रिटायर्ड मेजर विक्रांत कुमार जेटली के लिए संघर्ष के साथ साथ पति पीटर हाग से तलाक और बच्चों की कस्टडी की लड़ाई ने उनकी जिंदगी को और मुश्किल बना दिया है। कोर्ट में चल रही इस जंग में सेलिना ने एक बार फिर अपनी व्यथा बयां की है।
हाल ही में बेटे शमशेर की कब्र पर पहुंचीं सेलिना भावुक हो गईं और फूट फूटकर रो पड़ीं। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में वह कब्र साफ करते और उसे संवारते हुए नजर आ रही हैं, जहां उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि पति पीटर उन्हें बच्चों से मिलने नहीं दे रहे हैं। ऑस्ट्रिया में तलाक की सुनवाई के दौरान बच्चों को उनके खिलाफ भड़काने का आरोप लगाते हुए सेलिना ने कहा कि उनका ब्रेनवाश किया जा रहा है।
कुछ महीने पहले भारत लौटीं सेलिना ने पति पर 15 गंभीर आरोप लगाए थे। इनमें निजी अंगों में रॉड डालने की धमकी, अप्राकृतिक संबंधों के लिए दबाव, कंपनी के बोर्ड डायरेक्टर्स के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की मांग और नग्न तस्वीरें लेकर ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। उन्होंने 50 करोड़ रुपये के मुआवजे और मासिक भरण पोषण की मांग भी की है। मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।
