-१०वीं का परिणाम १५ मई से पहले संभव
– १७ मई से ११वीं प्रवेश प्रक्रिया शुरू
सामना संवाददाता / मुंबई
१०वीं और १२वीं के छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल द्वारा आयोजित १२वीं की परीक्षा का परिणाम अगले सप्ताह ५ या ७ मई को घोषित होने की संभावना है। इसके बाद एक हफ्ते के भीतर यानी १५ मई से पहले १०वीं का रिजल्ट भी जारी किया जा सकता है। इससे राज्य के लाखों छात्रों और अभिभावकों का इंतजार खत्म होने वाला है। बोर्ड ने फरवरी-मार्च में १०वीं और १२वीं की परीक्षाएं आयोजित की थीं। इनमें ३७,३३८ छात्रों ने १२वीं और ३२,४३३ छात्रों ने १०वीं की परीक्षा दी थी। परीक्षा खत्म होने के बाद से ही छात्र और अभिभावक रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शुरुआत में १२वीं का रिजल्ट अप्रैल के अंत तक आने की संभावना जताई गई थी, लेकिन कर्मचारियों के आंदोलन के कारण इसमें देरी हो गई। अब यह परिणाम अगले सप्ताह ५ या ७ मई को घोषित होने की संभावना है।
१२वीं का रिजल्ट आने के ४-५ दिन बाद १०वीं का परिणाम जारी किया जा सकता है। राज्य में १७ मई से ११वीं की प्रवेश प्रक्रिया शुरू होनी है। उससे पहले १०वीं का रिजल्ट घोषित होने की संभावना है। १८ मार्च को परीक्षा खत्म होने के बाद २ अप्रैल तक १२वीं और १० अप्रैल तक १०वीं की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच पूरी होना अपेक्षित था। जांच लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन रिपोर्ट तैयार करने और उसकी अंतिम जांच की प्रक्रिया बाकी है। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण यह प्रक्रिया प्रभावित हुई है, जिससे रिजल्ट में देरी हुई है।
