सामना संवाददाता / मुंबई
वर्ली क्षेत्र में मनपा के जी/दक्षिण वर्ली विभाग में मानसून पूर्व चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने मनपा अधिकारियों को सभी काम समयबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुंबई में जी/दक्षिण विभाग कार्यालय में आयोजित बैठक में आदित्य ठाकरे ने नाला सफाई, जल निकासी व्यवस्था, जलजमाव के संभावित क्षेत्रों में विशेष उपाय, सड़कों के अधूरे कार्य जल्द पूरा करने तथा आपातकालीन व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी सतर्कता और तैयारी के साथ काम करे। आदित्य ठाकरे ने आपदा प्रबंधन और आपातकालीन टीमों को भी हर परिस्थिति के लिए तैयार रखने का निर्देश दिया। बैठक में विधायक सचिन अहिर, सुनील शिंदे, हेमांगी वरलीकर, पद्मजा चेंबूरकर तथा युवासेना के अभिजित पाटील समेत कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
