राजेश सरकार / प्रयागराज
राजकीय दिव्यांग माध्यमिक विद्यालय, गेदुराही (मेजा) में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मेजा की चिकित्सकीय टीम ने दिव्यांग छात्रों का समग्र स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में नाक, कान, गला सहित सामान्य स्वास्थ्य की जांच हुई और डायरिया व लू जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के बारे में जरूरी जानकारी दी गई। छात्रों को स्वच्छता, संतुलित आहार और ताजा भोजन के महत्व से भी अवगत कराया गया। कुल 59 छात्रों का राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत परीक्षण हुआ। जरूरतमंद छात्रों को निःशुल्क दवाइयां, आयरन सप्लीमेंट, मलहम और कृमिनाशक एलबेंडाजोल की खुराक दी गई। कुछ छात्रों को आगे की जांच और उपचार के लिए सीएचसी मेजा रेफर किया गया। शिविर में डॉ. देवेंद्र प्रताप, डॉ. आयशा फातिमा, कविता प्रजापति, स्टाफ नर्स दीपशिखा शुक्ला सहित स्वास्थ्यकर्मी सक्रिय रहे। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार, शिक्षिका अनिता सरन और स्टाफ ने समन्वय बनाते हुए पूरे आयोजन को सुचारु रूप दिया। यह पहल दिव्यांग छात्रों के स्वास्थ्य संरक्षण और समय पर उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में एक मजबूत प्रयास साबित हुई।
