मुख्यपृष्ठसमाचारकांग्रेस का आरोप...यूपी में गेहूं खरीद में अव्यवस्था का बोलबाला !

कांग्रेस का आरोप…यूपी में गेहूं खरीद में अव्यवस्था का बोलबाला !

 सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

कांग्रेस गेंहू खरीद केंद्रों पर अव्यवस्था के आरोप मढ़ते हुए यूपी की योगी सरकार पर हमलावर हो उठी है। सुल्तानपुर में अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने जिला प्रशासन के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने शुक्रवार को डीएम को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। आरोप लगाया कि शासन द्वारा निर्धारित २५८५ रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के बावजूद जिले में गेंहू खरीद केंद्र प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं। अधिकांश केंद्रों पर किसानों का गेंहू नहीं खरीदा जा रहा, जिससे किसान बिचौलियों को कम कीमत पर अपना गेहूँ बेचने को मजबूर हैं। जिलाध्यक्ष राणा ने कहा कि यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही व साहूकारों और अधिकारियों की मिलीभगत के कारण है।विपणन विभाग की निष्क्रियता से किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है २० अप्रैल तक सभी गेंहू क्रय केंद्र चालू किए जाएं। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में बोरे उपलब्ध कराए जाएं। समर्थन मूल्य पर ही गेंहू की खरीद सुनिश्चित हो। खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए और धांधली रोकी जाए। किसानों को फसल का तत्काल भुगतान किया जाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर ये मांगें पूरी नहीं हुईं, तो हमलोग पार्टी कार्यकर्ता व किसानों के साथ मिलकर जिला प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि मौजूदा सरकार को किसानों की याद सिर्फ चुनाव के समय आती है शासन प्रशासन में बैठे जिम्मेदार लोग किसान समस्याओं के प्रति उदासीन है, इसलिए मजबूर होकर हम लोगों को सड़क पर उतरना ही पड़ेगा। इस मौके पर शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, जिला उपाध्यक्ष अपरबल सिंह,आरटीआई जिला चेयरमैन मो. अनवर, जिला सचिव देवेंद्र तिवारी, देवेन्द्र श्रीवास्तव, शिवपूजन सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

अन्य समाचार