सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सुल्तानपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आम जनता की परेशानी को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से आम आदमी की कमर टूट गई है। महंगाई पहले से ही चरम पर है, ऐसे में ईंधन के दाम बढ़ाना जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है और केवल राजस्व बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। राणा का मानना है कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है, जिससे महंगाई और बढ़ेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से तुरंत दाम वापस लेने और आम जनता को राहत देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं किए गए, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
