मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिराजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर...

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर भी साधा निशाना

राजेश सरकार / प्रयागराज

गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें याद किया। मुख्य कार्यक्रम ऐतिहासिक आनंद भवन में हुआ।
यूपी कांग्रेस सूचना का अधिकार विभाग के बैनर तले औद्योगिक नगरी के नाम से पहचाने जाने वाले नैनी क्षेत्र में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेताओं ने जहां राजीव गांधी के योगदान को देश की आधुनिक पहचान बताया, वहीं मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी अपनी बात रखकर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सूचना का अधिकार (आरटीआई) प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी को “संचार क्रांति और युवा भारत की सोच का प्रतीक” बताते हुए कहा कि आज देश जिन तकनीकी सुविधाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों का लाभ उठा रहा है, उसकी नींव राजीव गांधी ने रखी थी।
प्रदेश महासचिव एवं प्रयागराज मंडल प्रभारी विवेक पाण्डेय ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को नई सोच और नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने ग्रामीण शिक्षा, सूचना क्रांति और युवाओं को राजनीति से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक फैसले लिए। विवेक पाण्डेय ने कहा कि आज जरूरत है कि देश फिर से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की दिशा में आगे बढ़े।
प्रदेश सचिव महेंद्र दूबे ने दलबदल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि राजीव गांधी की राजनीति सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर आधारित थी। वहीं, प्रदेश सचिव विजय मिश्रा ने कहा कि 18 वर्ष की उम्र में मतदान का अधिकार देकर राजीव गांधी ने युवाओं को देश की राजनीति में निर्णायक भागीदारी दी थी।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव के बीच कांग्रेस एक बार फिर राजीव गांधी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का काम करेगी।
श्रद्धांजलि सभा के बहाने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक एकजुटता भी दिखाई। शिवनगर स्थित आरटीआई प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव विजय मिश्रा के आवास पर हुई श्रद्धांजलि सभा में राजू भारतीय, अर्जुन यादव, शंकर भारतीय, महेंद्र नारायण मिश्रा, राजेश सागर तिवारी, अभिषेक दूबे, विजय कुमार मिश्रा, घनश्याम पाण्डेय और अरुणेश त्रिपाठी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य समाचार