मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिरसोई गैस सिलेंडर के मुद्दे पर खुटहन में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

रसोई गैस सिलेंडर के मुद्दे पर खुटहन में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

जौनपुर। देश में रसोई गैस की किल्लत और मूल्य वृद्धि के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, खुटहन के अध्यक्ष विपिन शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विपिन शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के कारण देश में अफरातफरी का माहौल बन गया है। सरकार की विफल नीतियों के चलते उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

जिला सचिव विनोद त्रिपाठी ने कहा कि आपदा के समय घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि कर सरकार ने जनता की जेब पर खुला डाका डाला है। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी हैं, लेकिन सरकार समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामियों की सजा जनता को भुगतनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में हर तरफ अविश्वास का माहौल है और सरकार इसे सुधारने के बजाय चुनावी गतिविधियों में व्यस्त है।

राकेश मिश्रा ने कहा कि महंगाई चरम पर पहुंच गई है और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग की कमर टूट चुकी है।

इस मौके पर यूथ कांग्रेस शाहगंज के विधानसभा प्रतिनिधि रत्नेश यादव, सोशल मीडिया प्रभारी शैलेंद्र यादव, परवेज अहमद, बाढूराम बिंद, शेषनाथ यादव, लल्ला तिवारी, महेंद्र गौतम, प्रमोद यादव, अवधेश शर्मा, भारत लाल, रामधारी पाल, सैयद रुमान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य समाचार