मुख्यपृष्ठनए समाचारबिजली किल्लत पर कांग्रेसी गुस्से में उतरे सड़क पर

बिजली किल्लत पर कांग्रेसी गुस्से में उतरे सड़क पर

विक्रम सिंह / सुलतानपुर

जिले में घनघोर बिजली संकट व सिंचाई की समस्याओं को लेकर नाराज कांग्रेसियों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट गेट पर धरना दिया और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित कर शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की।
दोपहर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व व शहर अध्यक्ष शकील अंसारी के संयोजन में लालडिग्गी स्थित कांग्रेस कार्यालय में एकत्र पार्टीजन सड़क पर उतर पड़े। इसके बाद नारेबाजी करते हुए लालडिग्गी चौराहा, सुपरमार्केट, डाकखाना चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां जनपद में हो रही अघोषित विद्युत कटौती, नहरों में सिंचाई के लिए पानी न उपलब्ध होने, विद्युत विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार व जनपद की कानून व्यवस्था को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर एसडीएम सदर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। जिसमें जनपद के समस्त गांवों में २० घंटे शहर व टाउन एरिया मे २४ घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिले के समस्त गांवों में ट्रांसफार्मर खराब होने पर ६ घंटे तथा शहर व टाउन एरिया में दो घंटे में बदलकर आपूर्ति बहाल की जाए।
जनपद के विद्युत उपभोक्ताओं के इलेक्ट्रॉनिक मीटर में आ रहे अधिक विद्युत बिल की शिकायत पर गुणवत्तापरक निस्तारण तीन दिवस में किया जाए। जनपद के समस्त नहरों में पानी छोड़ा जाए और प्रत्येक माइनर की सफाई कराकर पानी टेल तक पहुंचाने हेतु व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। जनपद में दोहरी कानून व्यवस्था के मापदंड बंद किए जाएं, कानून सबके लिए समान होना चाहिए। भाजपा नेताओं के लिए अलग और अन्य दलों के लिए अलग कानून व्यवस्था इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा, ऐसा करने वाले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाए। इन्हीं मांगों के साथ कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे एसडीएम सदर टीपी सिंह व अतिरिक्त मजिस्ट्रेट उत्तम तिवारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भेजा गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि जनपद के समस्त विभागों के अधिकारी पूरी तरह से लापरवाही बरत रहे हैं, किसानो की धान की रोपाई व सिचाई का यह अति महत्वपूर्ण समय चल रहा है ऐसे में नहरों से पानी टेल तक नहीं पहुंचा रहा है, जिससे किसान अधिक परेशान है। इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बावजूद भी संबंधित अधिकारी इसे नजर अंदाज कर रहे हैं, वहीं उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर तक विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। जनपद में अघोषित विद्युत कटौती का रिकॉर्ड बन चुका है, ऐसे में व्यवसाय करने वाले व्यापारियों के उद्योग धंधे भी प्रभावित हो रहे हैं।
गांव से लेकर शहर तक हो रही विद्युत कटौती को विद्युत विभाग के अधिकारी तत्काल प्रभाव से मुक्त करें, अन्यथा हम कांग्रेसजन इसके लिए बड़ा आंदोलन करेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। शहर में कानून दो तरह से चलाए जा रहे हैं। भाजपा नेताओं के लिए अलग कानून है और अन्य दलों के लोगों के लिए दूसरा कानून है, ऐसा करने वाले अधिकारियों के प्रति दंडात्मक कार्रवाई कर उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाए।
विरोध-प्रदर्शन में महेंद्र सिंह, राहुल त्रिपाठी, रणजीत सिंह सलूजा, अपरबल सिंह, अनिल सिंह, वरुण मिश्रा, हौसला प्रसाद भीम, मिर्जा अकरम बेग, सुरेंद्र शुक्ला, कमर खान, नफीस फारुकी, पवन मिश्रा कटांवा, सुब्रत सिंह सनी, कुमारी निकलेश सरोज, सिराज अहमद भोला, आवेश अहमद, ममनून आलम, शाहबाज खान, मानस तिवारी, रणवीर सिंह राणा, अशोक सिंह, इंतजार अहमद पिंटू, सुनील शर्मा, अतहर नवाब, मनोज तिवारी, मोहित तिवारी, अंबरीश पाठक, विश्वनाथ मिश्र, हमीद राईनी, मानिक चंद्र श्रीवास्तव, दयाशंकर दुबे, उमाकांत तिवारी, नंदलाल मोर्य, राजेंद्र पांडे विभु, चंद्रभान सिंह चुन्ना, विनोद पांडेय, राहुल मिश्रा, जीशान अहमद, अम्बरीष पाठक जिगर, सोहेल खान, राहुल मिश्र, मनीष तिवारी, राम भवन पांडेय, हामिद राईनी, मेराज अहमद, विवेक श्रीवास्तव, हरदयाल मौर्य, निजामुद्दीन गुड्डू, अवधेश गौतम, मनोज शुक्ला, राहुल पांडेय, मोहम्मद कादिर, श्रीराम यादव, अरुण कुमार त्रिपाठी, रामचंद्र कोरी, दीपक सोनी, वीरेंद्र तिवारी, नन्हे, इंद्रकेश शर्मा, शीतल साहू आदि लोग शामिल रहे।

अन्य समाचार

पापा