मुख्यपृष्ठनए समाचारमराठा साम्राज्य का इतिहास पुस्तक से हटाने पर विवाद...एनसीईआरटी, सरकार के खिलाफ...

मराठा साम्राज्य का इतिहास पुस्तक से हटाने पर विवाद…एनसीईआरटी, सरकार के खिलाफ ७ जून को महाआंदोलन

सामना संवाददाता / मुंबई

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की पाठ्यपुस्तकों से मराठा साम्राज्य के इतिहास और उसके विस्तार से जुड़े नक्शे को हटाए जाने के विरोध में ७ जून को मुंबई के आजाद मैदान में विशाल महाआंदोलन आयोजित किया जाएगा। एनसीईआरटी और केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन के आयोजकों के अनुसार, इस प्रदर्शन में हजारों शिवप्रेमी, इतिहास प्रेमी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि मराठा साम्राज्य भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है और उससे संबंधित सामग्री को पाठ्यक्रम से हटाना इतिहास के साथ अन्याय है। उनका कहना है कि छत्रपति शिवाजी महाराज और मराठा साम्राज्य ने देश की राजनीतिक, सांस्कृतिक और सैन्य विरासत को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी इसलिए उनके इतिहास को कमतर आंकने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और एनसीईआरटी से विवादित निर्णय को तत्काल वापस लेने तथा मराठा साम्राज्य से संबंधित सभी ऐतिहासिक संदर्भों और नक्शों को पुन: पाठ्यपुस्तकों में शामिल करने की मांग की है। उनका कहना है कि इतिहास में किसी भी प्रकार का बदलाव व्यापक विशेषज्ञ परामर्श और पारदर्शी प्रक्रिया के बाद ही किया जाना चाहिए। इस मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र में पहले भी कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। अब ७ जून को मुंबई में होनेवाले महाआंदोलन को इस अभियान का सबसे बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है।

अन्य समाचार