जेदवी / मुंबई
मालाड स्थित रिजॉइस स्कूल का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मुंबई मनपा की प्रभाग समिति की बैठक में यह मुद्दा जोरदार तरीके से उठने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई है। शैक्षणिक भूमि पर कथित तौर पर धर्मांतरण, अंधविश्वास पैâलाने और धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने जैसी गतिविधियों के आरोपों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य तेजिंदर सिंह तिवाना ने औचित्य के मुद्दे के तहत इस प्रकरण को सभागृह में उठाते हुए प्रशासन पर कड़ा सवाल खड़ा किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि महानगरपालिका की प्राथमिक शाला के लिए आरक्षित भूखंड का उपयोग शिक्षा के बजाय संदिग्ध गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों से मिली शिकायतों के आधार पर उन्होंने कहा कि परिसर में आस्था के नाम पर उपचार, अंधविश्वास पैâलाने और धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां चलने की जानकारी सामने आई है। मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मालवणी पुलिस थाने में ११ मई २०२६ को अपराध क्रमांक ०७७०/२०२६ दर्ज किया गया है। इसकी जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की गई। तिवाना ने साफ शब्दों में कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है, लेकिन यदि वहां बच्चों और समाज को प्रभावित करने वाली गतिविधियां चल रही हों तो यह बेहद चिंताजनक और अस्वीकार्य है।
उन्होंने संबंधित संस्था की कार्यप्रणाली, आर्थिक लेन-देन और उससे जुड़े लोगों की गहन जांच की मांग की। साथ ही यह भी सवाल उठाया कि कहीं भूखंड आवंटन की शर्तों का उल्लंघन तो नहीं किया गया। तिवाना ने महाराष्ट्र अंधश्रद्धा विरोधी कानून और भारतीय न्याय संहिता २०२३ के तहत सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिक्षा, संपत्ति, निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त समिति गठित करने की अपील की।
विदेशी फंडिंग, संदिग्ध आर्थिक लेन-देन का भी अंदेशा
• इतना ही नहीं, विदेशी फंडिंग, संदिग्ध आर्थिक लेन-देन और संभावित आतंकी वित्तपोषण की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आर्थिक अपराध शाखा से कराने की मांग भी की गई है।
• तिवाना ने दो टूक कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित संस्था की मान्यता तत्काल रद्द कर भूखंड वापस लिया जाए।
• उन्होंने कहा कि मुंबईकरों के हित, विद्यार्थियों का भविष्य और कानून का सम्मान किसी भी कीमत पर समझौते का विषय नहीं हो सकता और इस मुद्दे पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
