मुख्यपृष्ठनए समाचारभ्रष्ट निर्माण की पोल खुली...ऊंची-नीची सड़क पर पलटा ई-रिक्शा...बड़े हादसे का खतरा

भ्रष्ट निर्माण की पोल खुली…ऊंची-नीची सड़क पर पलटा ई-रिक्शा…बड़े हादसे का खतरा

राजेश सरकार / प्रयागराज

लालापुर-बारा संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही विवादों में घिर गया है। निर्माण में कथित लापरवाही और मानकों की अनदेखी के कारण करोड़ों रुपये की लागत से तैयार सड़क लोगों के लिए राहत की बजाय मुसीबत बनती जा रही है। मंगलवार सुबह मार्ग पर ऊंच-नीच और दलदल के कारण एक ई-रिक्शा पलट गया। गनीमत रही कि वाहन में कोई सवारी नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण मानक के विपरीत एक फिट नीचे बनाई गई। जिससे मार्ग धंस गया। कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। मंगलवार सुबह जिस स्थान पर ई-रिक्शा पलटा, वहां सड़क के स्तर में करीब एक फीट का अंतर था। असंतुलित होकर वाहन सड़क किनारे पलट गया। मौके से गुजर रही महिलाओं और अन्य राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद ई-रिक्शा को सीधा कराया। घटना के बाद राहगीरों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में न तो गुणवत्ता दिखाई दे रही है और न ही जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी। ठेकेदार अधिकांश समय मौके से गायब रहता है, जबकि विभागीय अधिकारी भी कभी निरीक्षण करने नहीं पहुंचे। ऐसे में सड़क निर्माण की गुणवत्ता भगवान भरोसे चल रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि लालापुर थाने के पास कमला पंप कैनाल के बगल बना यह आरसीसी मार्ग निर्माण के दौरान ही धंसने लगा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घूरपुर-प्रतापुर मार्ग की अपेक्षा इस सड़क को करीब एक फिट नीचे बनाया गया, जिसके चलते सड़क का बड़ा हिस्सा बैठ गया है। परिणामस्वरूप सड़क की पूरी संरचना बिगड़ चुकी है और यह मार्ग अब लोगों के लिए खतरे का पर्याय बनता जा रहा है। लालापुर-बारा संपर्क मार्ग क्षेत्र का अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जो बारा तहसील, शंकरगढ़ ब्लॉक और जसरा ब्लॉक को जोड़ता है। आसपास कई विद्यालय, अस्पताल और प्रमुख बाजार स्थित हैं। क्षेत्र की लगभग 90 प्रतिशत आबादी इसी मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करती है। बावजूद इसके मार्ग के मरम्मत में बरती जा रही लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य की तत्काल तकनीकी जांच कराने, दोषी ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क को मानकों के अनुरूप दोबारा बनवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो यह सड़क किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।

अन्य समाचार