हिमांशु राज
क्रिकेट के मैदान से निकलकर मनोरंजन की दुनिया में धमाल मचाने को तैयार हैं अक्षर पटेल और क्रुणाल पांड्या। ये दोनों ऑलराउंडर अब सिंगर-सॉन्गराइटर किंग को प्राइम वीडियो की आगामी सीरीज ‘लुक्खे’ के लिए चुनौती दे रहे हैं। किंग अपने एक्टिंग डेब्यू में ‘एम सी बदनाम’ का किरदार निभाएंगे, और क्रिकेटर उन्हें ‘अल्टीमेट ऑलराउंडर’ बनने का चैलेंज दे रहे हैं।
एक मजेदार मुलाकात में अक्षर और क्रुणाल ने किंग को खुला चैलेंज दिया कि क्या वे क्रिकेट की तरह स्क्रीन पर भी ‘लुक्खे’ का जादू दिखा पाएंगे। क्रुणाल ने कहा, “तू मैदान पर रन बनाता है, गाने गाता है, अब एक्टिंग में भी कमाल दिखा। हम तेरे साथ हैं!” अक्षर ने जोड़ा, “ऑलराउंडर बनना आसान नहीं, लेकिन तू कर लेगा। ‘लुक्खे’ में आग लगा दे!”
दोनों खिलाड़ियों ने किंग को प्रेरित करते हुए कहा कि वे फैन फेवरेट रैपर को पूरा समर्थन देंगे और उनका डेब्यू यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
‘लुक्खे’ में किंग के साथ राशी खन्ना, पलक तिवारी, लक्ष्यवीर सिंह सरन, नकुल रोशन सहदेव, कृतिका भारद्वाज, शिवांकित परिहार, योगराज सिंह और आयशा रजा मिश्रा भी नजर आएंगे। हिमांक गौर के निर्देशन में बनी यह सीरीज 8 मई को प्राइम वीडियो पर 240 से अधिक देशों में रिलीज होगी।
क्रिकेट और मनोरंजन जगत का यह अनोखा मेल फैंस के लिए खास सरप्राइज साबित हो सकता है। अब देखना यह है कि किंग क्रिकेटरों का यह चैलेंज किस अंदाज में स्वीकार करते हैं। इंतजार 8 मई का है।
