मुख्यपृष्ठअपराध६ प्रतिशत वृद्धि के साथ नई मुंबई में बढ़ा अपराध ...एक साल...

६ प्रतिशत वृद्धि के साथ नई मुंबई में बढ़ा अपराध …एक साल में ६,६५६ आपराधिक मामले दर्ज ४० प्रतिशत मामले अनसुलझे

सामना संवाददाता / नई मुंबई
वर्ष २०२२ की तुलना में वर्ष २०२३ में नई मुंबई पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में आपराधिक ग्राफ में ६ प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिसमें से ७३ प्रतिशत यानी कि ४,८९२ मामलों को सुलझाने में नई मुंबई पुलिस को सफलता भी मिली। वर्ष २०२२ में कुल ६,४४३ आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे, जिसमें से ६७ प्रतिशत यानी कि ४,२९७ मामलों को सुलझाया गया था। इस बात की जानकारी नई मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने आयोजित एक पत्रकार परिषद में दी। वे नई मुंबई में वर्ष २०२२ की तुलना में २०२३ में दर्ज किए गए तथा सुलझाए गए मामलों के आंकड़े पत्रकारों के समक्ष रख रहे थे।
पुलिस आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साल शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले ८२५ मामले दर्ज किए गए, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा ९०० था। पुलिस ने पिछले ऐसे ९८ प्रतिशत मामलों को सुलझा लिया था और इस साल भी ९८ प्रतिशत मामले सुलझा लिए गए हैं। पुलिस आयुक्तालय द्वारा जारी किए गए आकड़ों से पता चलता है कि इस वर्ष संपत्ति विवाद के मामलों में मामूली-सी कमी आई है। वर्ष २०२२ में प्रॉपर्टी विवाद के २,४४७ मामले दर्ज किए गए थे, लेकिन इस वर्ष २,३४८ मामले दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले साल संपत्ति विवाद के सिर्फ ३३ प्रतिशत मामले सुलझाए जा सके थे, लेकिन इस वर्ष ५० प्रतिशत मामले सुलझाए गए हैं। इस वर्ष आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल आर्थिक धोखाधड़ी के ६६३ मामले दर्ज किए गए थे, लेकिन इस साल ऐसे मामलों की संख्या बढ़कर ८१२ हो गई है। हालांकि, इस साल ऐसे ५७ प्रतिशत मामलों को सुलझा लिया गया है, जबकि पिछले साल ६३ प्रतिशत मामले सुलझाए गए थे।
नई मुंबई पुलिस आयुक्त का कहना है कि इस साल महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में मामूली-सी कमी आई है। पिछले साल महिलाओं के साथ हिंसा के ७६२ मामले दर्ज किए गए थे, जिसमें से ७४० मामलों को सुलझा लिया गया था, लेकिन २०२३ में यह आकड़ा कम होकर ७०३ पर आया है। पुलिस ने ऐसे ६८९ मामलों को सुलझा लिया है। इसके अलावा अन्य तरह के १,९६८ मामले दर्ज किए गए हैं, इसके अलावा वर्ष २०२२ में कुल १,६७१ मामले दर्ज किए गए थे।
पुलिस आयुक्तालय द्वारा जारी की गई वार्षिक रिपोर्ट में बताया गया है कि नई मुंबई पुलिस आयुक्तालय में अधिकारी तथा कर्मचारियों की संख्या ५,०२३ है, जिसमें से ४,७८७ पद पर लोग काम कर रहे हैं और ८२९ पद अभी तक रिक्त हैं, जिसमें पुलिस उपनिरीक्षक की संख्या ३० है। महिलाओं की मानसिक प्रताड़ना के २११ मामले, महिलाओं के साथ बलात्कार के २११ मामले, महिलाओं द्वारा की गई आत्महत्या के २५ मामले, हत्या के ३७ मामले, हत्या के प्रयास के ५८ मामले, चेन स्नैचिंग के १०९ मामले, चोरी के ७४३ मामले, डवैâती के ३ मामले तथा वाहन चोरी के ९६३ मामले दर्ज किए गए हैं।

अन्य समाचार