मुख्यपृष्ठअपराधबस स्टैंड के पास मिला युवक का शव

बस स्टैंड के पास मिला युवक का शव

सामना संवाददाता / राजस्थान

राजस्थान के झुंझुनू जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित दौरासर गांव में शनिवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने मालियों की ढाणी स्टैंड के पास सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक की पहचान रामरतन (45) पुत्र मालूराम जाट निवासी मालियों की ढाणी के रूप में हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है। वहीं परिजनों का कहना है कि तेज गर्मी और धूप के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई होगी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह राहगीरों ने मालियों की ढाणी स्टैंड के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति को पड़ा देखा। युवक का शव सड़क से थोड़ा नीचे मिला। सूचना फैलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद सदर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर झुंझुनू के बीडीके अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मॉर्च्युरी में रखवाया गया। सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
दौरासर के पूर्व सरपंच अर्जुन सिंह ने बताया कि रामरतन की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। वह खेती-बाड़ी का काम करता था और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। परिवार में पत्नी के अलावा करीब 18 वर्षीय एक बेटा और एक बेटी हैं।
परिजनों का कहना है कि तेज गर्मी और धूप के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई होगी। वहीं यह भी आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में गिरने से उसकी मौत हुई हो। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

अन्य समाचार