अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के गया जिले के टिकारी प्रखंड के केसपा गांव स्थित प्राचीन मां तारा देवी मंदिर में आयोजित होने वाले मां तारा देवी महोत्सव को पूर्व की भांति वसंतीय नवरात्र में ही कराने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने बिहार के मुख्यमंत्री, पर्यटन सचिव और जिला पदाधिकारी को आवेदन भेजकर जनभावनाओं से अवगत कराया है।
उन्होंने कहा है कि केसपा स्थित मां तारा देवी मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वसंतीय नवरात्र के दौरान यहां श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है। पिछले वर्ष ग्रामीणों की मांग को देखते हुए बिहार सरकार द्वारा वसंतीय नवरात्र के अवसर पर मां तारा देवी महोत्सव की शुरुआत की गई थी, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिली।
बताया गया कि इस वर्ष पर्यटन विभाग द्वारा पूर्व विधायक डॉ. अनिल कुमार के अनुरोध पर महोत्सव को शारदीय नवरात्र में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष है। ग्रामीणों का कहना है कि वसंतीय नवरात्र के समय मंदिर के आसपास की कृषि भूमि परती रहती है, जिससे आयोजन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो जाता है, जबकि शारदीय नवरात्र में खेतों में फसल रहने के कारण आयोजन में कठिनाई हो सकती है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मां तारा देवी महोत्सव को पूर्ववत वसंतीय नवरात्र में ही आयोजित कराने की मांग की है।
