-अभिनेत्री आयशा खान का बड़ा खुलासा
-फिल्म के ‘शरारत’ गाने ने बना दिया स्टार
सामना संवाददाता / मुंबई
फिल्म अभिनेत्री आयशा खान को रोजाना रेप की धमकियां मिल रही हैं। यह बात खुद आयशा ने बताई है। हाल ही में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ के शरारत गाने में आयशा ने धूम मचा दी है।
हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में आयशा ने सोशल मीडिया पर मिलने वाली रेप की धमकियों के बारे में अपना दुख बयां किया है। एक्ट्रेस ने इससे जुड़े अपने कड़वे अनुभव को भी साझा किया। आयशा खान ने अपने उत्पीड़न के बारे में बताया कि ‘अगर इस तरह की धमकियां देने वालों में इतनी ताकत होती तो वह रेपिस्ट ही बन जाते। यह सिर्फ मामूली टिप्पणियां नहीं हैं। मुझे हर रोज ऐसी धमकियां मिलती हैं। मैं उम्मीद करती हूं कि इन सबके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मगर मैं यह सोचती हूं कि अगर मैं सेलिब्रिटी न होती तो शायद ये धमकियां सच्चाई बन जातीं। आयशा खान ने अपनी शुरुआत एकता कपूर द्वारा निर्मित सीरियल ‘कसौटी जिंदगी की’ से की थी। जिसके बाद ‘बालवीर रिटर्न्स’ में भी काम किया। इसके बाद तेलुगु फिल्म ‘मुखचित्रम’ में सपोर्टिंग कास्ट के रूप में नजर आई थीं। हाल ही में ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ ने उन्हें सुर्खियों की बुलंदी पर पहुंचा दिया।
एक रात पहले हटा दिया
आयशा ने याद करते हुए बताया कि जब वो बारहवीं कक्षा में थीं, तब उन्हें टी-सीरीज के एक गाने में सेकेंड लीड की भूमिका निभाने का मौका मिला था। मगर शूटिंग से सिर्फ एक रात पहले उन्हें रोल के लिए ओवर वेट होने के कारण हटा दिया गया। आगे ‘वी द वुमन’ कार्यक्रम में आयशा ने कहा कि उन्हें इससे उभरकर अपने लुक को लेकर आत्मविश्वास महसूस करने में काफी वक्त लगा।
लुक्स को लेकर उत्पीड़न
सोशल मीडिया पर हर रोज मेरे शरीर के लेकर अभद्र कमेंट्स का सामना करना होता है। एक साधारण सा टॉप भी पहनती हूं तो लोगों के रिएक्शन का डर रहता है। स्कर्ट भी पहनती हूं तो लोगों को बुरा लगता है। इस वजह से अब कुछ भी पोस्ट करने से पहले सोचना पड़ता है कि लोग इसे किस तरह से देखेंगे।
