सोम प्रकाश
अपने शानदार और रिकॉर्ड तोड़ ग्लोबल बॉक्स ऑफिस सफर के बाद जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज की फिल्म ‘धुरंधर (पार्ट वन)’, जिसे आदित्य धर ने निर्देशित किया है, अब 10 जुलाई 2026 को जापान में थिएटर रिलीज के लिए तैयार है। यह फिल्म के अंतरराष्ट्रीय सफर का एक और बड़ा पड़ाव माना जा रहा है।
जापान में रिलीज से पहले फिल्म ने दुनिया भर के कई बड़े बाजारों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और भारतीय सिनेमा के लिए नए रास्ते खोले हैं। 5 दिसंबर 2025 को ग्लोबली रिलीज हुई इस स्पाई एक्शन एंटरटेनर ने दुनियाभर में 1328 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। ‘धुरंधर (पार्ट 1)’ ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बड़ा मुकाम हासिल किया। यह नॉर्थ अमेरिका में अब तक की नंबर 1 हिंदी फिल्म बनी, जबकि कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म रही। यूनाइटेड किंगडम में भी यह शीर्ष प्रदर्शन करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हुई।
अपने बड़े पैमाने, दमदार कहानी और अनोखे जॉनर के साथ ‘धुरंधर’ जापान के दर्शकों से जुड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म में जबरदस्त एक्शन, भावनात्मक गहराई और रोचक कहानी का संगम देखने को मिलता है, जो इसे एक प्रभावशाली और मनोरंजक सिनेमाई अनुभव बनाता है। हाल के समय की सबसे चर्चित हिंदी फिल्मों में से एक ‘धुरंधर’ ने दर्शकों से भरपूर सराहना हासिल की है और कई बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं।
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आते हैं। यह हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर आदित्य धर द्वारा लिखी, निर्देशित और निर्मित की गई है, जबकि ज्योति देशपांडे और लोकेश धर इसके सह-निर्माता हैं। जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज द्वारा निर्मित ‘धुरंधर’ अब 10 जुलाई 2026 को जापान के सिनेमाघरों में अपनी छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
