सामना संवाददाता / मुंबई
एलपीजी गैस ६० रुपए महंगी कर भाजपा सरकार ने आम जनता को महंगाई की गहरी खाई में धकेल दिया है। केंद्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण यह दरवृद्धि हुई है। युद्ध का बहाना बनाकर जनता को लूटने के बजाय सरकार को यह दरवृद्धि तुरंत वापस लेनी चाहिए, ऐसी चेतावनी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दी। उन्होंने कहा कि लाडली बहनों को १,५०० रुपए देकर ढिंढोरा पीटने वाली सरकार अब गैस दर में वृद्धि कर लाडली बहनों को लूट रही है। एलपीजी गैस के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर संसद में जवाब देना चाहिए। शुक्रवार को गैस दरवृद्धि और गैस की कमी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने राज्यभर में आंदोलन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में त्र्यंबकेश्वर में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सपकाल ने कहा कि देश से गैस सिलिंडर गायब है और संसद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गायब हैं।
