मुख्यपृष्ठसमाचारएसआईआर की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली बैठक

एसआईआर की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली बैठक

सामना संवाददाता / नैनीताल

नैनीताल- उत्तराखण्ड में आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में गुरुवार को कैंप कार्यालय, हल्द्वानी में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं उनके अधिकृत बीएलए-2 के साथ भौतिक एवं आभासी बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित आभासी माध्यम से अन्य अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी रयाल ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु निर्धारित संपूर्ण कार्यक्रम एवं दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी। उन्होंने बताया कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वोट के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि एसआईआर का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचन नामावली में सम्मिलित करना तथा अपात्र, मृत, स्थानांतरित एवं दोहराव वाले मतदाताओं को हटाकर निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे शत-प्रतिशत अपने-अपने बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए) नियुक्त कर एसआईआर कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि जनपद नैनीताल में 1010 मतदान केन्द्रों के सापेक्ष इंडियन नेशनल कांग्रेस द्वारा 793 एवं भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1001 बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की नियुक्ति की गई है।
रयाल ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से शीघ्र ही शत-प्रतिशत बूथों में बीएलए नियुक्त करने को कहा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तृतीय चक्र में उत्तराखण्ड राज्य हेतु विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम:
एसआईआर पात्रता की तिथि – 01 जुलाई, 2026
तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण – 29 मई, 2026 से 07 जून, 2026
बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण – 08 जून, 2026 से 07 जुलाई, 2026
मतदान केन्द्रों का युक्तिकरण – 07 जुलाई, 2026
मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन – 14 जुलाई, 2026
दावे-आपत्तियों के दर्ज की अवधि – 14 जुलाई, 2026 से 13 अगस्त, 2026
सूचना चरण, दावे-आपत्तियों का निस्तारण – 14 जुलाई, 2026 से 11 सितम्बर, 2026
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन – 15 सितम्बर, 2026
बैठक में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, नगर मजिस्ट्रेट ए.पी.आर. बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शिव गणेश (जिला अध्यक्ष, बसपा), कृष्णा पांडे (इंडियन नेशनल कांग्रेस), दिनेश खुलवे (भारतीय जनता पार्टी), मनीष पाल (भारतीय जनता पार्टी) सहित अन्य पदाधिकारी तथा आभासी माध्यम से अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य समाचार