– कनाडा, मुंबई, पुणे हर जगह कर रहा ‘ट्रेलर फायरिंग’
-दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है लॉरेंस बिश्नोई
– पुणे में मॉल के बाहर फायरिंग की ली जिम्मेदारी
फिरोज खान / मुंबई
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ट्रेलर गैंग बनकर रह गया है। हवाई फायरिंग करने के बाद धमकी भरे मैसेज पोस्ट कर अपना वर्चस्व जमाने की कोशिश करने वाला बिश्नोई गैंग बेबस नजर आने लगा है। अब तक उसने जहां भी ट्रेलर के नाम पर गोलीबारी की है उन सभी मामलों में फुसकी बम साबित हुआ है। किसी ने भी फायरिंग के डर से सरेंडर नहीं किया है और न ही कोई गिड़गिड़ाया है। ऐसे में लोग अब उसे हवाई फायरिंग का डॉन भी कहने लगे हैं।
बता दें कि मुंबई में ट्रेलर फायरिंग का कोई असर नहीं होते देख अब बिश्नोई गैंग ने पुणे में पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में ‘एजे फर्नीचर मॉल’ पर बाइक सवारों द्वारा फायरिंग करवाई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फायरिंग के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मेंबर होने का दावा करने वाले शुभम लोनकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर हमले की जिम्मेदारी ली। इस पोस्ट में मॉल के मालिक अशोक नयन को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई है और कहा है कि यह एक ट्रेलर है।
यहां कर चुका है गोलीबारी
इससे पहले सलमान खान के मुंबई के बांद्रा स्थित घर (गैलेक्सी अपार्टमेंट) के बाहर १४ अप्रैल २०२४ को सुबह करीब ५ बजे फायरिंग हुई थी। कनाडा स्थित कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ पर १० जुलाई २०२५ को फायरिंग गई थी। इस मामले में भी बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ली थी और कहा था यह एक ट्रेलर है। तीन महीने पहले रोहित शेट्टी के जुहू इलाके स्थित आवास पर १ फरवरी २०२६ की रात पांच राउंड फायरिंग की थी। यहां भी बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए शेट्टी को मैसेज में कहा था कि यह एक ट्रेलर है।
